दिल्ली में महिला समृद्धि योजना का ऐलान, जानें जरूरी दस्तावेज समेत सभी अहम बातें
क्या है खबर?
दिल्ली की महिलाओं को बड़ी सौगात मिली है। 8 मार्च यानी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिल्ली में महिला समृद्धि योजना का ऐलान किया गया है।
जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य नेताओं की मौजूदगी में योजना की शुरुआत की गई है।
इससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में योजना को मंजूरी मिली थी।
योजना के तहत पात्र महिला को हर महीने 2,500 रुपये दिए जाएंगे।
राशि
योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये मंजूर
जेपी नड्डा ने कहा, "दिल्ली मंत्रिमंडल से योजना को मंजूरी मिल गई है। ये दिल्ली में तुरंत लागू होगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस कार्यक्रम में आने से पहले मंत्रिमंडल की बैठक में योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है।"
उन्होंने कहा, "मुझे खुशी है कि दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना को लागू करने के लिए राशि आवंटित की है। यह कदम महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक-आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए महत्वपूर्ण पहल है।"
लाभ
किसे मिलेगा योजना का लाभ?
योजना का लाभ केवल गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं को ही मिलेगा।
21 से 59 वर्ष तक की महिलाओं का ही पंजीयन होगा।
केवल वहीं महिलाएं आवेदन कर सकेंगी, जो कम से कम बीते 5 साल से दिल्ली की निवासी हैं।
महिला का दिल्ली में एक चालू बैंक खाता (आधार से लिंक) होना जरूरी है।
महिला की सालाना आय 3 लाख रुपये से कम होना चाहिए।
आवेदन
कैसे किया जा सकेगा आवेदन?
योजना के तहत आवेदन करने के लिए दिल्ली सरकार एक ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल एप्लीकेशन तैयार कर रही है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पात्र महिलाओं की पहचान के लिए भी एक अलग सॉफ्टवेयर विकसित किया जा रहा है, जिस पर सभी भरे गए फॉर्मों को वेरीफाई किया जाएगा।
सरकार ने अलग-अलग विभागों से संभावित पात्र महिलाओं की जानकारी भी मांगी है।
दस्तावेजों को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
बयान
नड्डा बोले- महिलाओं ने भाजपा सरकार बनाने में बड़ा योगदान दिया
जेपी नड्डा ने कहा, "मैं दिल्ली की महिलाओं को नमन करते हुए धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने दिल्ली में भाजपा सरकार बनाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था 'जब नारी शक्ति का विकास होता है, तब दुनिया आगे बढ़ती है।'"
वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "पिछली सरकारों ने महिलाओं के लिए कुछ भी नहीं किया, लेकिन हम आपकी अपेक्षाओं को पूरा करके दिखाएंगे। दिल्ली में बहनों से किया वादा पूरा करेंगे।"
चुनावी वादा
भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र में किया था वादा
भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने संकल्प पत्र में महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने का वादा किया था।
चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया था कि दिल्ली में जैसे ही भाजपा की सरकार आएगी, 8 मार्च से महिलाओं के खाते में 2500 रुपये आना शुरू हो जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा था कि 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है और तब दिल्ली की बहनों के खाते में रुपये पहुंचना शुरू हो जाएंगे।