दिल्ली: बच्चे को दवा पिलाने पर हुआ विवाद, सॉफ्टवेयर इंजीनियर की ससुराल वालों ने की हत्या
क्या है खबर?
दिल्ली के निहाल विहार इलाके से एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता को उनके ही ससुराल वालों ने पीट-पीटकर मार डाला। विनय के परिजनों का कहना है कि पत्नी से बच्चे को दवा पिलाने को लेकर हुई मामूली विवाद के बाद मायके वालों ने विनय के साथ बेरहमी से मारपीट की। हालत बिगड़ने पर विनय को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना
पत्नी पर मारपीट के लिए उकसाने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, 21 अगस्त की सुबह पति-पत्नी के बीच बच्चे को दवा पिलाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद रेखा ने अपने पिता, 2 भाई, भाभी और 2 अन्य लोगों को घर बुलाया। उस समय घर में विनय और उनकी मां थीं।
विनय की मां ने बताया कि सभी सीधे विनय के कमरे में गए और उससे मारपीट करने लगे। उन्होंने कहा कि विनय की पत्नी खड़े होकर लोगों को रोकने की बजाय उकसा रही थी।
पुलिस
पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया
परिवार के मुताबिक, मृतक विनय IT सेक्टर में काम करता था। उसने करीब 3 साल पहले बुध विहार की रहने वाली रेखा से शादी की थी। दोनों के जुड़वां बच्चे थे।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें विनय की पत्नी रेखा, उनके 2 भाई और भाभी शामिल हैं। मामले की जांच चल रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।