
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने पर CRPF का जवान गिरफ्तार
क्या है खबर?
आतंकवाद रोधी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों (PIO) के साथ संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान को गिरफ्तार किया है।
एजेंसी के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि आरोपी जवान मोती राम जाट है, जो दिल्ली से पकड़ा गया है।
आरोपी 2023 से राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित वर्गीकृत जानकारी PIO के साथ साझा कर रहा था और अन्य जासूसी गतिविधियों में सक्रिय था।
गिरफ्तार
PIO से ले रहा था पैसा
NIA के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी जवान जाट कई माध्यमों से पाकिस्तानी अधिकारियों से धन प्राप्त कर रहा था। उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को सोमवार को पटियाला हाउस कोर्ट की विशेष कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उसे 6 जून तक NIA की हिरासत में भेजा गया है।
अधिकारी उससे पूछताछ कर आगे की कड़ी तलाश रहे हैं। उसके पास से कई दस्तावेज भी मिले हैं।
जांच
पूरे देश में तलाशी तेज, अब तक 12 गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जासूसी विरोधी अभियान तेज कर दिया है, जिसके बाद पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से 12 लोग गिररफ्तार हुए हैं।
अभी तक पता चला कि उत्तर भारत में पाकिस्तान से बड़ा जासूसी नेटवर्क सक्रिय है, जिसमें 2 महिलाएं भी हैं। इसमें हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा और पंजाब की 31 वर्षीय गुजाला शामिल हैं।
दोनों कथित तौर पर पाकिस्तानी अधिकारी एहसान-उर-रहीम (दानिश) से जुड़ी थीं।