Page Loader
दिल्ली में मंगलवार रहा मौसम का सबसे सर्द दिन, उत्तर भारत में शीतलहर जारी
दिल्ली में मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया

दिल्ली में मंगलवार रहा मौसम का सबसे सर्द दिन, उत्तर भारत में शीतलहर जारी

लेखन गजेंद्र
Jan 10, 2024
10:00 am

क्या है खबर?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में मंगलवार 9 जनवरी को मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। इस दौरान शहर का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखी गई। यह 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 2 सालों में सबसे कम है।

IMD के अनुसार, बुधवार को भी दिल्ली में भीषण ठंड रहेगी। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के आसपास रहेगा।

मौसम

उत्तर भारत में बूंदाबांदी और बारिश से तापमान गिरा

ठंड का असर उत्तर भारत के कई राज्यों में दिख रहा है। IMD के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तरी मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी और बारिश हो रही है, जिससे तापमान गिरा है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 10 से 14 जनवरी तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू और राजस्थान में शीतलहर जारी रहेगी और सुबह घना कोहरा छाया रहेगा।

कोहरे से दृश्यता शून्य तक भी पहुंच सकती है।

ठंड

इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भीषण ठंड को देखते हुए कुछ दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान के अलवर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री से नीचे पहुंच गया, वहीं उत्तर प्रदेश के कई शहर शीतलहर की चपेट में हैं।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। निचले इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में पारा शून्य से नीचे चल रहा है।