Page Loader
दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शून्य रहेगी दृश्यता, येलो अलर्ट जारी
दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में कोहरे को लेकर चेतावनी (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्सल)

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शून्य रहेगी दृश्यता, येलो अलर्ट जारी

लेखन गजेंद्र
Jan 09, 2024
05:42 pm

क्या है खबर?

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले 4 दिन घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे दृश्यता प्रभावित होगी। यह शून्य तक पहुंच सकती है। इसी कारण भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार 13 जनवरी तक संबंधित राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखी जाएगी। IMD के मुताबिक, बुधवार और गुरुवार को उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही शीतलहर चलने से ठिठुरन बढ़ेगी।

चेतावनी

किन राज्यों के लिए जारी किया गया अलर्ट?

IMD के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली का बाहरी इलाका, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। अमर उजाला के मुताबिक, कोहरे की अधिकता राष्ट्रीय राजमार्गों पर ज्यादा होगी, जिससे वाहनों चालकों को समस्या हो सकती है। सबसे अधिक कोहरा पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और बिहार में होगा। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने संबंधित राज्यों और यातायात से जुड़े विभाग को सूचना दे दी है।

मौसम

पहाड़ों पर बर्फबारी का दिखेगा मैदानों पर असर

रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम वैज्ञानिक डॉ हरजीत सिंह ने बताया कि कुछ इलाकों में कम दबाव होने की वजह से मौसम में कोहरे की अधिकता दिख रही है। 14 जनवरी के बाद मौसम में तब्दीली दिखेगी। बता दें कि पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों पर दिख रहा है, जिससे बर्फीली हवाएं चल रही हैं। हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीती में मंगलवार सुबह झील बर्फ से जम गई और तापमान शून्य से 15 डिग्री नीचे पहुंच गया।