LOADING...
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी कोहरे के साथ ठंड, इन राज्यों में बारिश के आसार
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी ठंड (प्रतीकात्मक तस्वीर: फ्रीपिक)

दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी कोहरे के साथ ठंड, इन राज्यों में बारिश के आसार

लेखन गजेंद्र
Nov 13, 2023
11:54 am

क्या है खबर?

पिछले दिनों दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश हुई थी। इससे ठंड में भी हल्की बढ़ोतरी दिखी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संभावना जताई है कि आने वाले हफ्ते में इन राज्यों में बारिश के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। हालांकि, कोहरा बढ़ने के साथ सर्दी में बढ़ोतरी हो सकती है। उत्तर भारत के राज्यों में पश्चिम विक्षोभ का असर कम पड़ने से बारिश की संभावना कम हुई है।

मौसम

दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

IMD के मुताबिक, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में कोहरा बढ़ेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है। इसमें 1 डिग्री गिरावट दिखेगी। उत्तर प्रदेश के शहरों में ठंड का अहसास हो रहा है। यहां 18 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट होगी। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बर्फबारी के संकेत हैं।

बारिश

इन राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी

IMD के मुताबिक, 13 से 16 नवंबर तक कई राज्यों में बारिश हो सकती है। इसमें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलावा आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, महाराष्ट्र और पुडुचेरी शामिल हैं। इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में अभी ठंड के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 दिन बाद गिरावट के संकेत हैं। बिहार में सर्दी का अहसास शुरू हो गया है। यहां तापमान में गिरावट नजर आएगी।