
यात्रियों के रनवे पर बैठने का मामला, केंद्र का इंडिगो और मुंबई हवाई अड्डे को नोटिस
क्या है खबर?
मुंबई हवाई अड्डे पर यात्रियों के रनवे पर बैठकर खाना खाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद केंद्र सरकार ने इंडिगो एयरलाइंस और हवाई अड्डा प्रशासन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने उनसे 24 घंटे के भीतर मामले में जवाब मांगा है।
इससे पहले सोमवार देर रात केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक की।
मामला
क्या है मामला?
रविवार को गोवा से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-2195 को 12 घंटे की देरी के बाद मुंबई की ओर डायवर्ट कर दिया गया था, जिसके बाद यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना से संबंधित कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। इनमें से एक वीडियो में यात्री रनवे पर बैठकर खाना खाते हुए दिख रहे हैं।
इस पर सवाल उठाए जा रहे थे और ऐसा करना बेहद असुरक्षित होता है।
मंत्रालय
मंत्रालय ने कहा- स्थिति से निपटने में हुई चूक
मंत्रालय ने स्थिति से निपटने में विशिष्ट चूक की ओर इशारा किया है।
मंत्रालय ने कहा कि इंडिगो और मुंबई हवाई अड्डा प्रशासन सही स्थिति का अनुमान लगाने और यात्रियों के लिए उचित सुविधा व्यवस्था करने में सक्रिय नहीं थे।
इंडिगो एयरलाइंस के अनुसार, यात्रियों को मुंबई पहुंचने पर हवाई अड्डे पर उतरने को कहा गया था। इस दौरान यात्रियों ने टर्मिनल बिल्डिंग की ओर जाने से इनकार कर दिया और विमान से उतरकर रनवे पर बैठ गए।
माफी
इंडिगो ने असुविधा के लिए अपने यात्रियों से मांगी माफी
मामले में इंडिगो की ओर से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए मांगी मांगी गई है। उसने अपने बयान में कहा कि वह 14 जनवरी को इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-2195 से जुड़ी घटना से अवगत है।
इंडिगो ने कहा कि दिल्ली में कम दृश्यता के कारण फ्लाइट को मुंबई डायवर्ट किया गया और इसके लिए वह अपने ग्राहकों से माफी मांगती है और कंपनी इस पूरे घटनाक्रम की आंतरिक जांच रही है।
रविवार
यात्री ने उड़ान में देरी पर पायलट से की थी मारपीट
रविवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की एक अन्य फ्लाइट के उड़ान में देरी के कारण एक यात्री ने पायलट के साथ मारपीट की थी। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
मामले पर मंत्री सिंधिया ने कहा था कि कोहरे के कारण उड़ानों में देरी हुई है और यात्रियों के खराब व्यवहार की घटनाएं अस्वीकार्य हैं और इन घटनाओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उड़ान
दिल्ली हवाई अड्डे पर 3 दिनों में सैंकड़ों उड़ानें रद्द
बीते कुछ दिनों से दिल्ली में घना कोहरा छाया हुआ है। बीते रविवार को कम दृश्यता के चलते हवाई अड्डे पर करीब 4 घंटे तक रनवे को परिचालन बंद रहा और सैंकड़ों उड़ानें प्रभावित हुईं।
सोमवार को भी यहां 110 उड़ानों में देरी हुई और 79 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इससे हवाई अड्डे पर अव्यवस्था का माहौल बन गया था।
आज भी कोहरे के कारण 30 उड़ानों में देरी हुई हैं, जबकि 17 रद्द कर दी गई हैं।