
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में 30 नक्सली ढेर, 1 करोड़ का इनामी नक्सली भी मारा गया
क्या है खबर?
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान जारी है। बुधवार को नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में 30 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।
मारे गए नक्सलियों में 1 करोड़ रुपये का इनामी नक्सली शीर्ष कमांडर नम्बाला केशव राव उर्फ बसव राज भी शामिल है। वह नक्सलियों का महासचिव भी था।
अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के जवान नक्सलियों से मोर्चा ले रहे हैं, जिन्होंने कई बड़े माओवादी नेताओं को घेर लिया है।
मुठभेड़
1 सुरक्षा कर्मी की मौत, 1 घायल
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि माद प्रखंड में नारायणपुर के अलावा बीजापुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव के DRG जवान अभियान चला रहे थे, तभी गोलीबारी शुरू हो गई।
इस दौरान DRG के जवानों ने बराबरी का मुकाबला किया और नक्सलियों को मार गिराया। अभियान में 1 सुरक्षा कर्मी की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल है।
बता दें कि कुछ दिन पहले छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा के कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर 31 नक्सली मारे गए थे।
अभियान
इस साल छत्तीसगढ़ में मारे गए 168 से अधिक नक्सली
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कर्रेगुट्टा अभियान में 28,000 से अधिक सुरक्षा बलों के जवान शामिल थे, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), स्थानीय पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (DRG), बस्तर फाइटर्स, विशेष कार्य बल (STF) और कोबरा के जवान थे।
उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल से अभी तक करीब 35 से अधिक मुठभेड़ हो चुकी है और 400 से अधिक IED, 40 हथियार और 2 टन विस्फोटक बरामद हुआ है।
इस साल छत्तीसगढ़ में 168 नक्सली मारे गए हैं।