दिल्ली में नई सरकार बनते ही बड़ी कार्रवाई, परिवहन विभाग के 6 अधिकारी गिरफ्तार
क्या है खबर?
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के कुर्सी से उतरते ही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग के 6 अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।
विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और रिश्वत लेने का आरोप है। सभी को मंगलवार देर शाम को हिरासत में लिया गया था और बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि उन्हें विभाग में काफी समय से भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं। अधिकारियों से पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार
निगरानी और सत्यापन के बाद कार्रवाई
जांच एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि शिकायतों के बाद उसका सत्यापन किया गया और निगरानी रखी जा रही थी। इस दौरान प्रथम दृष्टया विभिन्न स्तरों पर भ्रष्टाचार के संकेत मिले।
जांच-पड़ताल के कुछ दिनों बाद अधिकारियों की गिरफ्तारी की गई है। सभी अधिकारी टी4 और टी5 स्तर के हैं। इन पर भ्रष्टाचार की शिकायत सही पाई गई हैं।
अधिकारियों को बुधवार या गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जा सकता है। पूछताछ के लिए कोर्ट से हिरासत मांगी जाएगी।
जांच
कैसे करते थे गड़बड़ी?
जांच एजेंसी के अधिकारियों का कहना है कि इनके खिलाफ पद के दुरुपयोग और बेवजह लोगों से पैसा वसूलने का आरोप लगा है।
सूत्रों से पता चला है कि शिकायत करने वालों में वे लोग शामिल हैं, जिनको अधिकारियों ने चूना लगाया है। इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।
बता दें, परिवहन विभाग दिल्ली सरकार के अधिकार क्षेत्र में है। पहले इसके मंत्री कैलाश गहलोत थे, जिनके इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री आतिशी ने अतिरिक्त कार्यभार संभाला।