भाजपा नेता बृजभूषण सिंह का दावा, कहा- CJP के प्रदर्शन के पीछे है एलन मस्क
क्या है खबर?
दिल्ली के कनॉट प्लेस में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित 'लहरा दो तिरंगा' मार्च को लेकर मचे भारी घमासान के बीच भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने एक बेहद चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि CJP का यह पूरा आंदोलन और विरोध प्रदर्शन दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क के इशारे पर चलाया जा रहा है और यह भारत के खिलाफ एक अंतरराष्ट्रीय साजिश है। आइए उनके पूरे बयान पर नजर डालते हैं।
बयान
बृजभूषण ने क्या किया दावा?
बृजभूषण ने आंदोलन के पीछे विदेशी ताकतों का हाथ होने का आरोप लगाते हुए कहा, "यह पूरा आंदोलन उनके (एलन मस्क) के इशारे पर आयोजित हो रहा है। यह हमारे राष्ट्र के खिलाफ गहरी साजिश है। हमारे देश की तुलना आज जानबूझकर बांग्लादेश और पाकिस्तान से की जा रही है। भारत के इतिहास में पहली बार किसी राजनीतिक मार्च का आयोजन सीधे तौर पर सुप्रीम कोर्ट को डराने और उस पर दबाव बनाने के इरादे से किया गया है।"
निशाना
बृजभूषण ने विदेशी कंपनियों पर भी साधा निशाना
बृजभूषण ने विदेशी कंपनियों पर निशाना साधते हुए कहा, "ये वो विदेशी लोग हैं, जो हमारे देश में आकर व्यापार तो करना चाहते हैं, लेकिन केवल अपनी शर्तों पर। यही विदेशी तत्व और कारोबारी हित आज इस पूरे आंदोलन को पीछे से हवा दे रहे हैं और इसे वित्तपोषणस कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "यह विरोध प्रदर्शन भारत के खिलाफ एक विशाल और गहरी साजिश का हिस्सा है और इसका उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट को डराना है।"
आधार
दावे का आधार और पृष्ठभूमि
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा नेता बृजभूषण सिंह ने मस्क और CJP के बीच सीधे संबंध को लेकर कोई भी सार्वजनिक या आधिकारिक सबूत पेश नहीं किया है।
ऐसे में यह दावा केवल उनकी सोच माना जा सकता है।
CJP और विपक्षी दल चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
हिरासत
दिल्ली पुलिस ने दिपके को हिरासत में लिया
इधर, CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क पर तिरंगा लहराने जा रहे CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके को शुक्रवार शाम को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया।
पुलिस ने रानी झांसी रोड स्थित एक घर से निकलते ही दिपके को घेरा और हिरासत में लेने की बात कही। इस दौरान दिपके और पुलिस की तीखी बहस भी हुई।
इससे पहले पुलिस ने दिपके के आवास पर पहुंचकर उन्हें मार्च न निकालने के लिए पाबंद किया था।
प्रदर्शन
नेहा बोरा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद के बीच पुलिस ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क के पास तिरंगा फहराने की अनुमति 3 महिलाओं को दी है। उनको सम्मान के साथ तिरंगा फहराने को कहा गया है।
इसके अलावा, छात्र नेता नेहा बोरा ने अपने साथियों के साथ सेंट्रल पार्क न जाकर मंडी हाउस में तिरंगा लहराने की योचना बनाई थी।
हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें भी हिरासत में ले लिया है।