Page Loader
बिहार: दरभंगा में विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की घर में हत्या
बिहार में VIP के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की हत्या

बिहार: दरभंगा में विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की घर में हत्या

लेखन गजेंद्र
Jul 16, 2024
09:42 am

क्या है खबर?

बिहार के दरभंगा में INDIA गठबंधन के सहयोगी विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की सोमवार देर रात हत्या कर दी गई। वारदात को बिरौल अनुमंडल स्थित अफजल्ला पंचायत के सुपौल बाजार स्थित उनके पैतृक आवास में अंजाम दिया गया। हत्या धारदार हथियार से की गई है। मंगलवार को उनका शव क्षत-विक्षत हालत में घर पर मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

हत्या

हत्या के कारणों का पता नहीं चला

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर फॉरेंसिक विभाग की टीम के साथ साक्ष्य जुटाए हैं। अभी तक हत्या के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि घर में जीतन सहनी के अलावा करीब 2 से 3 नौकर और ड्राइवर रहता था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) जगन्नाथ रेड्डी का कहना है कि हत्या किस हथियार से की गई है, इसकी भी जानकारी नहीं है। पुलिस लोगों से पूछताछ की कोशिश में जुटी है।

जांच

मुंबई से लौट रहे हैं मुकेश सहनी

सोमवार को मुकेश सहनी मुंबई में थे। उनको सूचना दे दी गई है, जिसके बाद वह सीधे दरभंगा पहुंच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शव पर कई वार किए गए हैं, जिससे काफी घाव हैं। बता दें कि मुकेश सहनी को सन ऑफ मल्लाह के रूप में भी पहचाना जाता है। सहनी बिहार में मूलतः मल्लाह व निषाद की राजनीति करते हैं। उनकी VIP पार्टी लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन में शामिल थी।