बेंगलुरु में इंजीनियर जोड़े की आत्महत्या: AI से गई 80 लाख की नौकरी, चोरी-छिपे की शादी
क्या है खबर?
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मंगलवार को इंजीनियर जोड़े चंद्र भानु रेड्डी (31) और शाजिया (31) ने आत्महत्या कर ली थी, जिनको लेकर कई बड़े खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों 9 साल से रिश्ते में थे और शादी कर ली थी, लेकिन दोनों ने अपने परिवारों को इसकी जानकारी नहीं दी थी। रेड्डी अमेरिका में 80 लाख रुपये के वार्षिक वेतन पर कार्यरत थे, लेकिन नौकरी छूटने की वजह से भारत लौट आए थे।
आत्महत्या
शाजिया ने रेड्डी की मौत के 20 मिनट बाद जान दी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शाजिया एक सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत थीं। मंगलवार को नाइट शिफ्ट खत्म करके वह सुबह साढ़े 7 बजे घर लौटीं। जब कमरे से रेड्डी की आवाज नहीं आई तो उन्होंने सुरक्षाकर्मियों और पड़ोसियों को बुलाया। दरवाजा तोड़ने पर रेड्डी का शव पंखे से लटका मिला और मेज पर सुसाइड नोट था। पुलिस के पहुंचने तक शाजिया करीब 20 मिनट तक कमरे में थीं। तभी अचानक वह चुपचाप निकलीं और 18वीं मंजिल से छलांग लगा दी।
रिश्ता
दोनों ने साथ पढ़ाई की थी
रेड्डी तेलंगाना के सिद्दिपेट और शाजिया मेडचल की निवासी थीं। दोनों को साथ पढ़ाई के दौरान प्यार हुआ था। करीब 13 साल पहले रेड्डी अमेरिका चले गए थे, जहां उन्हें सालाना 80 लाख रुपये वेतन मिलता था। इस बीच, रेड्डी की कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की वजह से नौकरी चली गई और रेड्डी भारत लौट आए। शाजिया को एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी मिलने के बाद दोनों 8 महीने पहले बेंगलुरु में शिफ्ट हुए थे। हालांकि, रेड्डी नौकरी तलाश रहे थे।
अवसाद
अवसाद में जी रहे थे रेड्डी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रेड्डी ने अमेरिका में एक छोटा घर खरीदा था और अपने परिवार के लिए तेलंगाना में एक और घर बनवाया था। नौकरी छूटने के बाद जब वे भारत आए तो चिंता में डूब गए थे। वे अच्छी नौकरी भी तलाश रहे थे और निराशा हाथ लगने से अवसाद में चले गए थे। उनके पास से मिले सुसाइड नोट में भी उन्होंने अपनी स्वास्थ्य की स्थिति का जिक्र किया है।
शादी
परिवारों को नहीं थी शादी की जानकारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने ढाई साल पहले शादी की थी, लेकिन किसी को इसकी जानकारी नहीं थी। कुछ दोस्तों को इसके बारे में पता था। डेक्कन क्रोनिकल ने बताया कि दोनों के परिवार वालों को यह भी नहीं पता था कि रेड्डी विदेश से बेंगलुरु वापस आ गए थे और किसी अपार्टमेंट में रह रहे थे। हालांकि, शाजिया के परिवार ने उनके रिश्ते के बारे में कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया।