
अमित शाह का सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निर्देश- पाकिस्तानी नागरिकों को ढूंढ-ढूंढकर वापस भेजो
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत सरकार पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अपना रही है।
विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द कर उन्हें 27 अप्रैल तक वापस जाने को कहा है।
इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात कर उनके राज्यों में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों को ढूंढ-ढूंढकर वापस भेजने के आदेश दिए हैं।
निर्देश
गृह मंत्रालय ने क्या जारी किए निर्देश?
गृह मंत्रालय की ओर से राज्यों को भेजे पत्र में कहा गया है कि पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द किए जाने के बाद अब सभी राज्य अपने अधिकार क्षेत्र में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों की तत्काल पहचान करें और उन्हें जल्द से जल्द वापस पाकिस्तान भेजें।
इसी तरह गृह मंत्री शाह ने भी सभी मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात कर राज्य में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों को ढूंढ-ढूंढकर तत्काल प्रभाव से पाकिस्तान भेजने को कहा है।
अधिसूचना
विदेश मंत्रालय ने जारी की थी अधिसूचना
विदेश मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति द्वारा लिए गए निर्णयों के अनुसार भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को तत्काल प्रभाव से वीजा सेवाएं निलंबित करने का निर्णय लिया है।
पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल से रद्द हो जाएंगे और मेडिकल वीजा 29 अप्रैल तक वैध होंगे।
ऐसे में भारत में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों को वीजा अवधि समाप्त होने से पहले भारत छोड़ देना चाहिए।