Page Loader
एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह बने नए वायुसेना प्रमुख, 30 सितंबर से संभालेंगे कार्यभार 
एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह होंगे नए वायुसेना प्रमुख

एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह बने नए वायुसेना प्रमुख, 30 सितंबर से संभालेंगे कार्यभार 

Sep 21, 2024
02:14 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने वर्तमान में भारतीय वायुसेना के उप प्रमुख पद पर कार्यरत एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह को अगला वायुसेना प्रमुख नियुक्त किया है। अमर प्रीत 30 सितंबर की दोपहर से एयर चीफ मार्शल का पद ग्रहण करेंगे। वह एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी की जगह लेंगे, जो उसी दिन सेवानिवृत्त होंगे। बता दें कि विवेक राम चौधरी अपनी सेवा के दौरान परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट पदक से सम्मानित हो चुके हैं।

परिचय

कौन है एयर मार्शल अमर प्रीत?

एयर मार्शल अमर प्रीत को 21 दिसंबर, 1984 को भारतीय वायुसेना की लड़ाकू शाखा में शामिल किया गया था। इसके बाद उन्होंने 1 फरवरी, 2023 को 47वें उप प्रमुख के रूप में पदभार संभाला था। उन्होंने प्रतिष्ठित मध्य वायु कमान (CAC) की कमान संभालने से पहले, पूर्वी वायु कमान में वरिष्ठ वायु स्टाफ अधिकारी के रूप में कार्य किया। उन्होंने MIG-27 स्क्वाड्रन के फ्लाइट कमांडर और कमांडिंग ऑफिसर के साथ-साथ एयर ऑफिसर कमांडिंग सहित प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं।

सम्मान

एयर मार्शल अमर प्रीत को मिल चुके हैं ये सम्मान

एयर मार्शल अमर प्रीत एक योग्य उड़ान प्रशिक्षक और एक प्रायोगिक परीक्षण पायलट हैं, जिनके पास विभिन्न प्रकार के लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टरों पर 5,000 घंटे से अधिक उड़ान भरने का अनुभव है। वह स्वदेशी तेजस हल्के लड़ाकू विमान के परियोजना निदेशक (उड़ान परीक्षण) भी रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्हें अपने करियर के दौरान साल 2019 में अति विशिष्ट सेवा पदक और 2023 में परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है।