मध्य-पूर्व में तनाव: एयर इंडिया ने 24 अक्टूबर तक रद्द की सऊदी अरब की सभी उड़ानें
क्या है खबर?
सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भारतीय विमानन कंपनियों एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बड़ा फैसला लिया है। दोनों एयरलाइंस ने सऊदी अरब के 3 प्रमुख शहरों जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए अपनी सभी उड़ानों को 24 अक्टूबर तक अस्थायी रूप से रद्द कर दिया है। कंपनियों ने यात्रियों को पूरे रिफंड और यात्रा तारीख में बदलाव का विकल्प दिया है।
बयान
एयर इंडिया ने मामले में क्या कहा?
एयर इंडिया ने एक्स पर लिखा, 'मौजूदा हालात में एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 24 अक्टूबर तक जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए अपनी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया है। हम समझते हैं कि इससे हमारे यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर असर पड़ सकता है, इसलिए हम इस दौरान उन्हें हर संभव सुविधा और लचीलापन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और को नए अपडेट की सूचना देते रहेंगे।'
विकल्प
एयर इंडिया ने यात्रियों को दिए ये विकल्प
एयर इंडिया ने आगे कहा कि उड़ानें रद्द होने पर रिफंड और यात्रा तारीख में बदलाव की की सुविधा दी गई है।
15 अक्टूबर से पहले की बुकिंग और 9 से 25 अक्टूबर के बीच यात्रा वाले यात्री 10 नवंबर तक बिना शुल्क तारीख बदल सकते हैं या 100 प्रतिशत रिफंड ले सकते हैं।
इसके साथ ही GCC क्षेत्र के अन्य सुरक्षित हवाई अड्डे (जैसे दुबई, दोहा, अबू धाबी आदि) से यात्रा का विकल्प भी दिया गया है।
तनाव
लगातार बढ़ता अंतरराष्ट्रीय तनाव
हूती विद्रोहियों के हमलों के चलते ब्रिटेन ने भी नागरिकों के लिए यात्रा एडवाइजरी जारी कर सऊदी अरब की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है।
सऊदी अरब में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक रहते हैं और इस निलंबन से उनकी यात्राएं प्रभावित हो सकती हैं।
इसी तरह भारतीय दूतावास ने भी सऊदी अरब में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने और वहां के नियमों का पालन करने की सलाह दी है।