सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी, जानिए क्या बरतनी है सावधानी
क्या है खबर?
यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के नागरिक बुनियादी ढांचों और प्रमुख हवाई अड्डों पर ताबड़तोड़ हमलों के बाद वहां रह रहे 27 लाख से अधिक भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भारत सरकार पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। इस बीच सऊदी अरब में स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। आइए जानते हैं एडवाइजरी में क्या कहा है।
एडवाइजरी
दूतवास ने एडवाइजरी में क्या कहा?
रियाद स्थित भारतीय दूतावास द्वारा जारी आधिकारिक एडवाइजरी में कहा किया गया है, 'मौजूदा स्थिति को देखते हुए सऊदी अरब में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को शांत रहने और सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है।'
दूतावास ने आगे लिखा, 'किसी भी हवाई हमले की स्थिति में नागरिक अपने घरों के भीतर ही रहें और किसी भी स्थिति में बाहर न निकले। आधिकारिक चैनलों के माध्यम से स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी किए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।'
सलाह
दूतावास ने नागरिकों को दी यह अहम सलाह
दूतावास ने कहा है कि हवाई हमले या सायरन बजने की स्थिति में किसी भी नागरिक को बाहर नहीं निकलना है।
इसी तरह चल रहे हमलों या सैन्य गतिविधियों से जुड़े वीडियो, फोटो या खबरें शेयर और रीपोस्ट भी नहीं करनी है।
सभी नागरिक अफवाहों से बचे और केवल प्रमाणित खबरों पर ही भरोसा करें।
इसी तरह सऊदी अरब की सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी किए जाने वाले हर आदेश का बिना लापरवाही के पालन करना अनिवार्य है।
असर
विमानन सेवाओं पर पड़ा गहरा असर
सुरक्षा संकट के कारण हवाई यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमलों को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस सहित भारतीय विमानन कंपनियों ने सऊदी अरब के लिए अपनी सभी उड़ानें 17 अक्टूबर तक अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।
यात्रियों को टिकट का पूरा रिफंड या मुफ्त री-शेड्यूलिंग का विकल्प दिया जा रहा है।
सऊदी अरब में भारतीय किसी भी परिस्थिति में हेल्पलाइन टोल-फ्री नंबर 8002471234 पर संपर्क कर सकते हैं।
पृष्ठभूमि
रियाद हवाई अड्डे पर हमले में एक भारतीय की मौत
सऊदी अरब में सुरक्षा को लेकर चिंता की एक बड़ी वजह 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुआ हमला भी है।
इस हमले में एक भारतीय नागरिक समेत 13 लोगों मौत हो गई थी और 10 भारतीयों समेत कई अन्य लोग घायल हो गए थे।
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब सऊदी अरब में ड्रोन और मिसाइल हमलों का खतरा बना हुआ है। हूती विद्रोहियों ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली है।