Page Loader
गणतंत्र दिवस पर 901 पुलिसकर्मियों को पुलिस पदक से किया गया सम्मानित
गृह मंत्रालय ने विभिन्न पुलिस पदकों की घोषणा की है

गणतंत्र दिवस पर 901 पुलिसकर्मियों को पुलिस पदक से किया गया सम्मानित

Jan 25, 2023
04:07 pm

क्या है खबर?

गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभर के कुल 901 पुलिसकर्मियों को पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। इनमें से 140 पुलिसकर्मियों को वीरता के लिए पुलिस पदक, 93 पुलिसकर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और 668 पुलिसकर्मियों को मेधावी सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। पुलिस पदकों की घोषणा गृह मंत्रालय ने की है। आइए जानते हैं कि किस केंद्रीय पुलिस बल और राज्य पुलिस के पुलिसकर्मियों को कितने पदक मिले हैं।

तैनाती

CRPF के 48 जवानों को मिला वीरता के लिए पुलिस पदक

वीरता के लिए पुलिस पदक से सम्मानित होने वाले 140 पुलिसकर्मियों में से 90 पुलिसकर्मी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में, जबकि 45 पुलिसकर्मी जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। बता दें कि इनमें 48 जवान केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) से, 31 जवान महाराष्ट्र पुलिस से, 25 जवान जम्मू-कश्मीर पुलिस से और नौ जवान झारखंड पुलिस से हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस, छत्तीसगढ़ पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के भी सात-सात जवानों को वीरता के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें पुलिस पदकों की पूरी सूची

पदक

किन मौकों पर प्रदान किए जाते हैं पुलिस पदक?

वीरता के लिए पुलिस पदक जीवन और संपत्ति को बचाने या अपराध को रोकने या अपराधियों को गिरफ्तार करने में विशिष्ट वीरता के आधार पर प्रदान किया जाता है। विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक पुलिस सेवा में विशेष विशिष्ट रिकॉर्ड के लिए प्रदान किया जाता है, जबकि मेधावी सेवा के लिए पुलिस पदक संसाधन और कर्तव्य के प्रति समर्पण की विशेषता वाली मूल्यवान सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।

सम्मान

अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा और होम गार्ड कर्मी भी होंगे सम्मानित

गणतंत्र दिवस पर अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा और होम गार्ड कर्मियों को वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक और विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक के साथ-साथ वीरता पदक और मेधावी सेवा पदक भी प्रदान किए गए हैं। 47 कर्मियों को अग्निशमन सेवा पदक से सम्मानित किया गया है, जिनमें से दो कर्मियों को उनके अदम्य साहस और वीरता के लिए यह सम्मान प्राप्त हुआ है। वहीं 55 कर्मियों को नागरिक सुरक्षा और होम गार्ड पदक से भी सम्मानित किया गया है।

घोषणा

जीवन रक्षा पदक श्रृंखला के पुरस्कार भी हुए घोषित

गृह मंत्रालय ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर 43 व्यक्तियों को जीवन रक्षा पदक श्रृंखला पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा भी की है। इनमें सात सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक, आठ उत्तम जीवन रक्षा पदक और 28 जीवन रक्षा पदक शामिल हैं। वहीं चार व्यक्तियों को यह पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किया गया है। बता दें कि जीवन रक्षा पदक श्रंखला के पुरस्कार किसी व्यक्ति की जान बचाने में मानवीय प्रकृति के सराहनीय कार्य के लिए प्रदान किया जाता है।