Page Loader
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 7,350 नए मामले, 200 से अधिक की मौत
भारत में कोरोना वायरस के मामले

कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 7,350 नए मामले, 200 से अधिक की मौत

Dec 13, 2021
09:28 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 7,350 नए मामले सामने आए और 202 मरीजों की मौत दर्ज हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,46,97,860 हो गई है। इनमें से 4,75,636 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 91,456 रह गई है। देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के भी 37 मामले सामने आ चुके हैं। दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में ये मामले मिले हैं।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन ठीक हुए लगभग 8,000 मरीज

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 7,973 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,41,30,768 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.37 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 8,55,692 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 65.67 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 66,43,883 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,41,259 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 51,94,605 ​लोगों को संक्रमित पाया गया है और 42,967 मौतें हुई हैं। इसी तरह 30,00,435 ​मामलों और 38,261 मौतों के साथ कर्नाटक और 27,35,389 मामलों और 36,612 ​मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 704 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 16 मरीजों की मौत हुई। इसी तरह केरल में 3,777 लोगों को संक्रमित पाया गया और 143 मरीजों की मौत हुई। यहां बीते कई महीनों से सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। कर्नाटक में 330 मामले सामने आए और चार मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 674 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 13 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

डाटा

वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?

देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 1,33,17,84,462 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 19,10,917 खुराकें लगाई गईं। 50 प्रतिशत से अधिक आबादी को दोनों खुराकें लग चुकी हैं।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में संक्रमितों की संख्या 27 करोड़ पार

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 27.01 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 53.06 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 4.99 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 7.97 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.22 करोड़ संक्रमितों में से 6.16 लाख मरीजों की मौत हुई है।