कोरोना वायरस: देश में नहीं थम रही नए मामलों में वृद्धि, बीते दिन मिले 25,317 संक्रमित
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 25,317 नए मामले सामने आए और 158 मरीजों की मौत हुई है। ये इस साल एक दिन में आए सबसे अधिक नए मामले हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,13,59,045 हो गई है। इनमें से 1,58,604 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 2,10,544 हो गई है। बीते दिन इनमें 8,522 मामलों की वृद्धि आई।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 16,637 मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 16,637 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,09,89,897 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 96.75 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 8,64,368 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में लगभग 22.67 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य
अगर सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 22,97,793 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 52,811 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 10,89,827 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 4,381 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 9,59,338 मामलों और 12,387 मौतों के साथ कर्नाटक और 8,91,563 मामलों और 7,182 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 15,602 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 88 मरीजों की मौत हुई। राज्य में संक्रमण की तेज रफ्तार के कारण हालात बिगड़ रहे हैं।
इसी तरह केरल में बीते दिन 2,035 लोगों को संक्रमित पाया गया और 12 मरीजों की मौत हुई।
आंध्र प्रदेश में 175 नए मामले सामने आए और दो मौतें हुईं, वहीं कर्नाटक में 921 मामले सामने आए और एक मरीज की मौत हुई।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 2,97,38,409 खुराकें दी जा चुकी हैं। बीते दिन 15,19,952 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अभी वैक्सीनेशन अभियान का दूसरा चरण चल रहा है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 11.95 करोड़ संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 11.95 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 26.48 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 2.94 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5.34 लाख लोगों की मौत हुई है।
वहीं दूसरे सबसे अधि प्रभावित देश ब्राजील में 1.14 करोड़ संक्रमितों में से लगभग 2.77 लाख मरीजों की मौत हुई है।
केवल यही दोनों देश संक्रमितों के मामले में भारत से आगे हैं।