मध्य प्रदेश: कूनो राष्ट्रीय उद्यान में 2 और चीता शावकों ने तोड़ा दम, चौथा शावक गंभीर
मध्य प्रदेश के श्योपुर में स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में 2 और चीता शावकों ने गुरुवार को दम तोड़ दिया। यह 3 दिन में तीसरे शावक की मौत है। इससे पहले 23 मई को एक शावक की जान गई थी। नामीबिया से लाई गई मादा चीता ज्वाला ने 24 मार्च, 2023 को 4 शावकों को जन्म दिया था। शावकों की मौत के लिए कूनो प्रबंधन ने भीषण गर्मी को कारण बताया है। चौथे शावक की हालत गंभीर है।
चौथे शावक को अस्पताल में निगरानी में रखा गया
कूनो के प्रधान मुख्य वन संरक्षक के बयान के मुताबिक, '23 मई को एक शावक की मौत के बाद बचे 3 शावकों की स्थिति ठीक नहीं थी। उस दिन तापमान भी 46 से 47 डिग्री सेल्सियस था। शावकों का उपचार किया गया, लेकिन 2 को बचाया नहीं जा सका। चौथे शावक की हालत गंभीर है। उसे पालपुर स्थित चिकित्सालय में रखा गया है।' बता दें कि अब तक यहां 3 चीते और 3 शावकों की मौत हो चुकी है।