Page Loader
अलविदा 2024: वरुण धवन से कृति सैनन तक, इस साल इन सितारों ने किया OTT डेब्यू
इन सितारों ने 2024 में किया OTT डेब्यू

अलविदा 2024: वरुण धवन से कृति सैनन तक, इस साल इन सितारों ने किया OTT डेब्यू

Dec 25, 2024
07:17 am

क्या है खबर?

साल 2024 हिंदी सिनेमा के लिए काफी शानदार रहा। इस साल कई फिल्मों ने सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन किया तो वहीं OTT पर भी कई फिल्मों ने लोगों का दिल जीता। भारतीय सिनेमा के ऐसे कई सितारे हैं, जिन्होंने इस साल OTT पर अपने सफर की शुरुआत की और उन्हें प्रशंसकों का खूब प्यार मिला। 2024 खत्म होने में गिनती के ही दिन बचे हैं तो चलिए उन सितारों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने OTT पर कदम रखा।

#1

वरुण धवन (सिटाडेल हनी बनी)

वरुण धवन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'बेबी जॉन' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। यह फिल्म कल यानी 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले वरुण वेब सीरीज 'सिटाडेल हनी बनी' में नजर आए थे। इस सीरीज के जरिए उन्होंने OTT की दुनिया में कदम रखा था। वरुण इसमें साउथ की जानी-मानी अभिनेत्री सामंथा रूथ प्रभु के साथ जबरदस्त एक्शन करते दिखाई दिए। 'सिटाडेल हनी बनी' OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

#2

कृति सैनन (दो पत्ती)

कृति सैनन ने इस साल अपने प्रोडक्शन की पहली फिल्म 'दो पत्ती' के जरिए OTT डेब्यू किया। इस फिल्म में कृति के अलावा काजोल और शहीर शेख जैसे सितारों ने भी अभिनय किया। इस फिल्म में कृति ने डबल रोल निभाया था और उनकी अदाकारी की खूब प्रशंसा हुई। खास बात यह है कि 'दो पत्ती' के जरिए शहीर ने भी OTT की दुनिया में कदम रखा था। यह फिल्म आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

#3

अनन्या पांडे (कॉल मी बे)

सूची में तीसरा नाम अभिनेत्री अनन्या पांडे का है। उन्होंने इस साल 'कॉल मी बे' के जरिए OTT की दुनिया में कदम रखा था। करण जौहर इसके निर्माता हैं। इसमें वीर दास, वरुण सूद, विहान समत, मिनी माथुर, गुरफतेह पीरजादा, निहारिका लायरा दत्त, लिसा मिश्रा और मुस्कान जाफरी जैसे कलाकार भी नजर आए थे। 'कॉल मी बे' के दूसरे सीजन का ऐलान पहले ही हो चुका है। इस सीरीज को अमेजन प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है।

#4

सिद्धार्थ मल्होत्रा (इंडियन पुलिस फोर्स)

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने इस साल वेब सीरीज 'इंडियन पुलिस फोर्स' से अपना OTT डेब्यू किया, जिसका निर्देशन रोहित शेट्टी ने किया था। सीरीज में सिद्धार्थ की अदाकारी की खूब तारीफ की थी। उन्होंने DPS कबीर मलिक का किरदार निभाया था। 'इंडियन पुलिस फोर्स' में सिद्धार्थ के अलावा विवेक ओबेरॉय और शिल्पा शेट्टी भी अहम भूमिका में नजर आए थे। बता दें कि 'इंडियन पुलिस फोर्स' OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।

#5

दिलजीत दोसांझ (अमर सिंह चमकीला)

दिलजीत दोसांझ एक बेहतरीन कलाकार हैं। वह न सिर्फ गायकी में माहिर हैं, बल्कि उनके अभिनय का भी कोई जवाब नहीं। बॉलीवुड में भी वह अपने अभिनय का दमखम दिखा चुके हैं। इस साल OTT पर भी उनका डंका खूब बजा। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' में उनका शानदार अभिनय दर्शकों को बेहद पसंद आया। इस फिल्म में परिणीति चोपड़ा भी मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।