यामी गौतम और आदित्य धर मुंबई छोड़कर नहीं जाएंगे हिमाचल प्रदेश, टीम ने किया स्पष्ट
क्या है खबर?
यामी गौतम और आदित्य धर मुंबई छोड़कर स्थायी रूप से हिमाचल प्रदेश में नहीं बसेंगे। कुछ वक्त से दोनों के पहाड़ों के बीच आशियाना बनाने की ऑनलाइन खबरों ने उनके फैंस को बेचैन कर दिया था। हर कोई जानना चाहता था कि क्या वाकई राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता जोड़ा मुंबई छोड़ने की योजना बना रहा है। अब 'धुरंधर' निर्देशक की टीम ने इन अफवाहों पर विराम लगा दिया और स्पष्ट किया है कि यामी और आदित्य मुंबई नहीं छोड़ रहे हैं।
स्पष्टीकरण
यामी और आदित्य के मुंबई छोड़ने की खबरें गलत
स्क्रीन से बातचीत के दौरान, आदित्य के प्रतिनिधियों ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया और अटकलों के स्रोत पर सवाल उठाया है।
उन्होंने स्पष्टीकरण देते हुए कहा, "नहीं। यह कहानी कौन भेज रहा है?"
इससे पहले, NDTV की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि यामी और आदित्य हिमाचल प्रदेश को अपना स्थायी घर बनाने पर विचार कर रहे हैं। इसका कारण अभिनेत्री का राज्य और उनके गृहनगर से जुड़ाव बताया गया था।
खरीदारी
25 एकड़ जमीन खरीदने का किया गया था दावा
रिपोर्ट में दावा किया गया था कि यामी और आदित्य ने राज्य के गोहर में 25 एकड़ जमीन के साथ एक सदी पुरानी विरासत संपत्ति खरीदी है। दोनों वहीं रहेंगे और काम के लिए मुंबई आते-जाते रहेंगे।
हालांकि, आदित्य की टीम ने इन दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
काम के मोर्चे पर, यामी अपनी आगामी फिल्म 'नई नवेली' को लेकर चर्चा में हैं। यह 16 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।