Loading...
पंजाबी इंफ्लुएंसर मैड संधू कौन थे? लाखों फॉलोअर्स, बेबाक पहचान और फिर दर्दनाक हत्या
कौन थे मैड संधू? लाखों चाहने वाले, बेबाक अंदाज और दर्दनाक अंत

पंजाबी इंफ्लुएंसर मैड संधू कौन थे? लाखों फॉलोअर्स, बेबाक पहचान और फिर दर्दनाक हत्या

Oct 04, 2026
12:44 pm

क्या है खबर?

पंजाब के अमृतसर में मशहूर मेकअप आर्टिस्ट और इन्फ्लुएंसर मधुसूदन उर्फ 'मैड संधू' की बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अपनी अनूठी मेकअप कला, बोल्ड फैशन और LGBTQ+ मुद्दों पर बेबाक बयानों के लिए पहचाने जाने वाले मैड संधू को अक्सर सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग और धमकियों का सामना करना पड़ता था। कार वॉश सेंटर पर हुए इस खौफनाक हमले के बाद अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। आइए जानें कौन थे मैड संधू।

वारदात

संधू को सरेआम गोलियों से भूना

अमृतसर में 3 अक्टूबर की शाम मशहूर मेकअप आर्टिस्ट और LGBTQ+ इन्फ्लुएंसर मधुसूदन उर्फ मैड संधू की 2 अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया।

इस खौफनाक हत्याकांड के बाद फेसबुक पर हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला एक पोस्ट भी सामने आया है। पुलिस इस संदिग्ध पोस्ट की गंभीरता से जांच कर रही है और कातिलों की तलाश में जुटी है।

परिचय

2.2 लाख फॉलोअर्स, भद्दे कमेंट्स और बेबाक आवाज

अमृतसर में मैड संधू की हत्या के बाद उनके काम और निजी जिंदगी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

वो एक मशहूर मेकअप आर्टिस्ट, फैशन एक्सपर्ट और सोशल मीडिया क्रिएटर थे।

समलैंगिक होने के कारण उन्हें अक्सर इंटरनेट पर भद्दे कमेंट्स और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता था, इसके बावजूद इंस्टाग्राम पर 2 लाख 29 हजार फॉलोअर्स वाले संधू ब्यूटी टिप्स, फैशन वीडियो और अपनी बेबाक बातों के जरिए LGBTQ+ समुदाय के हक के लिए लगातार आवाज उठाते रहे।

ADVERTISEMENT

सफर

संधू के 'मेकअप आर्टिस्ट से स्टार क्रिएटर' बनने का सफर

डिजिटल क्रिएटर के रूप में पहचान बनाने से पहले मैड संधू ने पंजाब और मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में बतौर स्टाइलिस्ट और असिस्टेंट कॉस्ट्यूम डिजाइनर काम किया था।

बाद में उन्होंने अमृतसर में अपना 'मेन लेन यूनिसेक्स सैलून' खोला। इसके साथ ही वो अपनी ब्यूटी एकेडमी भी चलाते थे, जहां युवाओं को मेकअप करने और ब्राइडल आर्ट करने की ट्रेनिंग दी जाती थी।

उनके इंस्टाग्राम पर मेकअप ट्यूटोरियल, फैशन टिप्स, मजेदार मीम्स और व्लॉग्स का बेहतरीन मेल देखने को मिलता था।

ADVERTISEMENT

पहचान

मेकअप से परे ऐसी थी मैड संधू की पहचान

मैड संधू सिर्फ मेकअप तक सीमित नहीं थे। वो पॉडकास्ट में खूबसूरती, पंजाबी फिल्म उद्योग और लैंगिकता से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बात करते थे।

उन्होंने 'ओए भोले ओए' जैसी पंजाबी फिल्मों में अभिनय भी किया था, जिससे उनकी पहचान एक साधारण ब्यूटी क्रिएटर से काफी बड़ी बन गई थी।

हालांकि, अपनी समलैंगिकता और अलग अंदाज के कारण उन्हें अक्सर नफरत और लैंगिक भेदभाव से भरी टिप्पणियाें का सामना करना पड़ता था।

ट्रोलिंग

रूढ़िवादी समाज की आंखों में खटकते थे मैड संधू

आलोचनाओं और ट्रोल्स का सामना मैड संधू हमेशा अपनी पहचान पर गर्व करते हुए करते थे।

वो अक्सर कहते थे, "भगवान ने मुझे जैसा बनाया है, मैं वैसा ही हूं।" उन्होंने कभी खुद के 'गे' होने की बात नहीं छिपाई।

पंजाब जैसे पारंपरिक समाज में, जहां लैंगिक पहचान को लेकर लोगों की सोच काफी रूढ़िवादी है, वहां एक क्वीर क्रिएटर के रूप में बेबाक खुलकर सामने आना ही उन्हें लगातार चर्चा और आलोचनाओं के केंद्र में रखता था।

ADVERTISEMENT