
कौन हैं अभिनेत्री तनिष्ठा चटर्जी, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ रहीं जंग?
क्या है खबर?
अभिनेत्री तनिष्ठा चटर्जी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। वह कैंसर जैसी गंभरी बीमारी से जूझ रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें साझा की हैं। तनिष्ठा ने बताया कि वह स्टेज 4 ओलिगो मेटास्टेटिक कैंसर से पीड़ित हैं। कैंसर से पिता को खोने के बाद अब वह भी कैंसर की चपेट में आ गई हैं। आइए जानें आखिर तनिष्ठा हैं कौन।
शुरुआत
'स्वाराज' थी तनिष्ठा की पहली फिल्म
तनिष्ठा एक भारतीय अभिनेत्री और निर्देशक हैं। उनका जन्म पुणे के एक बंगाली परिवार में हुआ था। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में दाखिला लेने से पहले उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से रसायन विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। तनिष्ठा ने साल 2003 में आई फिल्म 'स्वाराज' के जरिए अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने कई पुरस्कार विजेता फिल्मों में अभिनय किया, जिनमें 'जोराम', 'पार्चड' और 'इंडियन एंग्री गॉडेस' शामिल हैं।
निर्देशक
पिछली बार 'द स्टोरीटेलर' में दिखी थीं तनिष्ठा
तनिष्ठा ने साल 2019 में अपनी पहली फीचर फिल्म 'रोम रोम में' का निर्देशन किया, जिसके हीरो नवाजुद्दीन सिद्दीकी हैं। इस फिल्म का प्रीमियर टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में हुआ था। इसके बाद तनिष्ठा ने फिल्म 'अनपॉस्ड' का निर्देशन किया था। बता दें कि तनिष्ठा को आखिरी बार परेश रावल की फिल्म 'द स्टोरीटेलर' में देखा गया था। यह फिल्म जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध है। इससे पहले वह मनोज बाजपेयी की फिल्म 'जोरम' में नजर आई थीं।