
कौन हैं साई धनशिका, जो तमिल अभिनेता विशाल कृष्णा से जल्द रचाएंगी शादी?
क्या है खबर?
तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विशाल कृष्णा की शादी को लेकर पिछले काफी वक्त से अटकलें लगाई जा रही थीं और अब खुद विशाल ने बता दिया है कि वह जल्द ही साई धनशिका के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।
एक कार्यक्रम में विशाल और साई ने अपनी शादी की तारीख का भी खुलासा कर दिया। दोनों 29 अगस्त, 2025 को हमेशा के लिए एक-दूजे के हो जाएंगे।
आइए जानें विशाल की होने वाली दुल्हन कौन हैं।
फिल्में
रजनीकांत की बेटी बन चुकी हैं साई
साई एक मशहूर तमिल अभिनेत्री हैं। उन्होंने अपने करियर में 'पेरनमई', 'मांजा वेलु', 'अरावन', 'परदेसी' और 'निल गवानी सेलाथे' जैसी फिल्मों में काम किया है।
हालांकि, उन्हें पहचान फिल्म 'कबाली' से मिली। इसमें साई ने रजनीकांत की बेटी का किरदार निभाया था। इस फिल्म में उनके काम को काफी सराहा गया था।
तमिल के अलावा साई ने 'शिकारू', 'अंतिया तीर' और 'दक्षिणा' सहित कई तेलुगू फिल्मों में अभिनय किया है।
साई साउथ के 2 फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीत चुकी हैं।
उम्र
साई से 12 साल बड़े हैं विशाल
विशाल और साई की शादी की खबर सामने आने के बाद से ही इस जोड़े के बीच का उम्र का फासला भी लगातार चर्चा में बना हुआ है।
47 साल के विशाल 29 अगस्त को अपने जन्मदिन पर 48 वर्ष के हो जाएंगे। अपने जन्मदिन के दिन ही वो शादी के बंधन में बंधेंगे।
उधर, 20 नवंबर, 1989 को जन्मीं साई की उम्र अभी 35 साल है। इस हिसाब से दोनों के बीच 12 साल का फासला है।