राजामौली की 'RRR' और 'बाहुबली' के बीच क्या-क्या समानताएं हैं?
क्या है खबर?
निर्देशक एसएस राजामौली की 'RRR' 25 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इसमें राम चरण, जूनियर NTR, अजय देवगन और आलिया भट्ट जैसे कलाकार नजर आए हैं।
इसका निर्देशन राजामौली ने किया है। फैंस इस फिल्म की तुलना राजामौली की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बाहुबली' से कर रहे हैं। दोनों ही फिल्मों को बड़े बजट में बनाया गया है।
आइए जानते हैं कि 'RRR' और 'बाहुबली' में क्या-क्या समानताएं हैं।
#1
अपहरण के इर्दगिर्द बुनी गई कहानी
प्रभास अभिनीत सुपरहिट फिल्म 'बाहुबली: द बिगनिंग' 2015 में आई थी। 2017 में इसका दूसरा भाग 'बाहुबली द कनक्लूजन' रिलीज हुआ था।
'बाहुबली' की कहानी तब उड़ान भरती है, जब फीमेल लीड कैरेक्टर राजकुमारी देवसेना (अनुष्का शेट्टी) का अपहरण हो जाता है। उसे कैद में डाल दिया जाता है।
'RRR' में भी एक आदिवासी समुदाय की एक छोटी बच्ची को अंग्रेजों द्वारा अगवा कर कैद में रखा जाता है। दोनों फिल्मों के हीरो अपहृत व्यक्ति को बचाते हैं।
#2
निष्ठा और प्रतिबद्धता
'RRR' और 'बाहुबली' दोनों ही फिल्मों में हमें निष्ठा और प्रतिबद्धता का उदाहरण देखने को मिलता है। 'बाहुबली' में कटप्पा (सत्यराज) की अपने शासकों के प्रति असीम भक्ति दिखाई गई है।
राजमाता (राम्या कृष्णन) के लिए बाहुबली (प्रभास) की वफादारी भी कमाल की है।
'RRR' में राम और NTR दो दोस्त के रूप में दिखे हैं, जो ब्रिटिश शासन के खिलाफ एकजुटता से लड़ते हैं। दोनों की बॉन्डिंग ही फिल्म में जान डाल देती है।
#3
असाधारण दृश्य और सिनेमैटोग्राफी
'बाहुबली' की तरह 'RRR' भी शानदार दृश्यों से सजी-धजी है। दोनों ही फिल्मों का सिनेमैटोग्राफी कमाल का है। इसके लिए 'RRR' के मेकर्स ने काफी खर्च भी किया है।
एक तरफ जहां हमें 'बाहुबली' में खूबसूरत चांदनी रातें देखने को मिली थीं, तो वहीं 'RRR' में जंगलों के शानदार दृश्य दिखाई देते हैं।
बेहतर सिनेमैटोग्राफी का ही नतीजा है कि फिल्म के सीन्स आपको आकृषित करते हैं। सिनेमैटोग्राफी में यह फिल्म 'बाहुबली' के बिल्कुल करीब है।
#4
सुपरहीरों के रूप में दिखे कलाकार
'बाहुबली' का आकर्षक पहलू यह है कि उसका नायक एक सुपरहीरो है। प्रभास फिल्म में आराम से किसी पेड़ पर चढ़ जाते हैं, तो कभी किसी दीवार को छलांग लगाकर पार कर जाते हैं।
'RRR' के नायक भी असाधारण करतब करते दिखे हैं। 'RRR' के कलाकार अकेले दम पर एक शक्तिशाली बाघ से लड़ सकते हैं और हजारों लोगों की भीड़ को एक चुटकी में संभाल सकते हैं।
दोनों फिल्मों में कलाकारों को मसीहा के तौर पर दिखाया गया है।
#5
एक समान स्टंट कोरियोग्राफी
दोनों फिल्मों की टाइमलाइन में बहुत बड़ा अंतर है, इसके बावजूद 'बाहुबली' और 'RRR' में इस्तेमाल किए गए हथियार एक जैसे लगते हैं।
'बाहुबली' की तरह 'RRR' में बंदूकें और हथगोले का इस्तेमाल करते हुए दिखाया गया है। फिल्म के महत्वपूर्ण हिस्सों में धनुष और तीर का भी उपयोग किया जाता है। दोनों फिल्मों की स्टंट कोरियोग्राफी भी एक जैसी लगती है।
दोनों फिल्मों में हीरो स्मार्ट रणनीति का उपयोग करके भारी भीड़ से मुकाबला करते हैं।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
'बाहुबली' में देवसेना के रूप में अनुष्का शेट्टी की भूमिका मजबूत है। फीमेल कैरेक्टर को अच्छा स्क्रीन टाइम मिला है। 'RRR' में फीमेल कैरेक्टर की भूमिका फीकी लगती है। आलिया एक कैमियो में दिखती हैं और उनके पास करने के लिए बहुत कुछ नहीं है।