LOADING...
'जवान' से पहले एटली ने संभाली इन 4 फिल्मों के निर्देशन की कमान, चारों ही सुपरहिट
'जवान' से पहले निर्देशक एटली दे चुके हैं ये शानदार फिल्में

'जवान' से पहले एटली ने संभाली इन 4 फिल्मों के निर्देशन की कमान, चारों ही सुपरहिट

Sep 07, 2023
12:40 pm

क्या है खबर?

फिल्म 'जवान' 7 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस फिल्म का निर्देशन साउथ के जाने-माने निर्देशक एटली ने किया है। वह इसी के जरिए बॉलीवुड में अपनी शुरुआत करने जा रहे हैं। अब शाहरुख खान ने उन पर भरोसा जताया है, वो भी 'पठान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म के बाद तो बेशक निर्देशक खास तो हैं ही। जवान के साथ एटली की चर्चा भी खूब हो रही है। आइए उनके करियर की धांसू फिल्मों के बारे में जानें।

#1

'राजा रानी'

किसी भी निर्देशक के लिए इससे बेहतर शुरुआत भला क्या होगी कि पहली ही फिल्म 'राजा रानी' का मुहूर्त कमल हासन ने किया और रजनीकांत ने फिल्म को अपना आर्शीवाद दिया। यह फिल्म पहले ही दर्शकों के बीच ऊपर उठ चुकी थी। बची-खुची कसर कहानी ने पूरी कर ली। प्यार की असली परिभाषा ढूंढने की इस कहानी ने दर्शकों का दिल जीत लिया। 25 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने 84 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म डिज्नी+हॉटस्टार पर है।

#2

'थेरी'

एटली के निर्देशन में बनी दूसरी फिल्म 'थेरी' थी। थलापति विजय और सामंथा रुथ प्रभु ने इसमें मुख्य भूमिका निभाई। फिल्म में बाप का अपनी बेटी के लिए शिद्दत वाला प्यार और बलिदानी दिखाई गई। इसमें एटली के निर्देशन की एक बार फिर बड़ी तारीफ हुई। इसकी कहानी भी उन्हीं के कलम से निकली। 75 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म ने 150 करोड़ रुपये बॉक्स ऑफिस पर बटोरे थे। अमेजन प्राइम वीडियो पर यह फिल्म देखी जा सकती है।

#3

'मर्सल'

एटली के निर्देशन में बनीं सफल फिल्मों में से एक 'मर्सल' भी है। इसकी कहानी चिकित्सा उद्योग में हो रही कालाबाजारी पर बुनी गई है। इस फिल्म में भी विजय थे, जिन्हें ताबड़तोड़ एक्शन करते देखा गया था। वह फिल्म में कभी डॉक्टर, कभी जादूगर तो कभी गांव के नेता बने नजर आए। 120 करोड़ रुपये फिल्म का बजट था और इसने 200 से 260 करोड़ रुपये बॉक्स ऑफिस पर कूटे थे। यह फिल्म आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

#4

'बिगिल'

इस फिल्म के लिए विजय और एटली तीसरी बार साथ आए और दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने फिर सिर आंखों पर बैठाया। फिल्म में विजय डबल रोल में नजर आए थे। 'बिगिल' 2019 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्म बनी। इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 300 करोड़ रुपये तक पहुंचा, वहीं बॉक्स ऑफिस ट्रैकर वेबसाइट सैकनिल्क की मानें तो इसने भारत में करीब 171 करोड़ रुपये कमाए। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

एटली ने शुरुआत में बतौर सहायक निर्देशक काम किया था। उस समय उनकी उम्र 19 साल थी। बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म 'राजा रानी' के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का विजय पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ डायलॉग राइटर के तमिलनाडु स्टेट पुरस्कार से नवाजा गया था।