Page Loader
विक्रांत मैसी का खुलासा- मां ने कहा था, पहले लिव इन में रहो, फिर शादी करो

विक्रांत मैसी का खुलासा- मां ने कहा था, पहले लिव इन में रहो, फिर शादी करो

Aug 07, 2024
04:30 pm

क्या है खबर?

अभिनेता विक्रांत मैसी पिछली बार फिल्म 'ब्लैकआउट' में दिखे थे। हालांकि, उनकी इस फिल्म काे कुछ खास तारीफ नहीं मिली, लेकिन विक्रांत ने अपने शानदार अभिनय के लिए खूब वाहवाही लूटी। अब विक्रांत जल्द ही 'फिर आई हसीन दिलरुबा' में नजर आएंगे। आजकल वह अपनी इसी फिल्म का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। अभिनेता अपनी निजी जिंदगी पर कम ही बात करते हैं। हाल ही में उन्होंने बताया कि उनकी मां ने उन्हें लिव इन में रहने की सलाह दी थी।

सुझाव

मां ने दी थी लिव इन की सलाह

विक्रांत ने एक पॉडकास्ट में बताया, "मेरी मां ने मुझे शादी से पहले लिव इन रिलेशनशिप में रहने की सलाह दी थी। उनकी यह सलाह मेरे काम भी आई। मैं और शीतल करीब 1 दशक से साथ हैं। हमने शादी से पहले करीब 8 साल एक-दूसरे को डेट किया था। हम देखना चाहते थे कि हमारे मिजाज या आकांक्षाएं एक जैसी हैं या नहीं। हमारे मामले में तो लिव इन काम कर गई। हमारी जिंदगी की इच्छाएं एक जैसी थीं।"

फायदा

मां की सलाह मददगार रही- विक्रांत

विक्रांत बोले, "मां ने कहा था कि शादी करने से पहले लिव इन में रहकर देखें। शुक्र है मेरे माता-पिता इतनी आगे की सोच वाले हैं। उन्होंने कहा कि इससे पता चलेगा कि साथ रहना ठीक भी रहेगा या नहीं। इससे सामने वाले व्यक्ति को समझने का भी मौका मिलेगा। मां ने हमें पहले साथ रहने की सलाह दी, जिसका हमें फायदा मिला।" विक्रांत ने खुद भी लिव इन में रहने की सलाह दी और कहा कि ये जरूरी है।

शादी

2022 में शादी के बंधन में बंधे थे विक्रांत और शीतल

बता दें कि विक्रांत और शीतल ठाकुर खुशहाल शादीशुदा जिंदगी बिता रहे हैं। 14 फरवरी, 2022 को दोनों ने कोर्ट मैरिज की और 18 फरवरी को पारंपरिक रीति-रिवाजों से शादी के बंधन में बंधे। बता दें कि शीतल और विक्रांत साल 2015 से ही एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। साल 2019 में दोनों ने अपने रिश्ते को सगाई का नाम दिया था। दोनों की मुलाकात ALT बालाजी के वेब शो 'ब्रोकन बट ब्यूटीफुल' के सेट पर हुई थी।

खुशखबरी

इस साल फरवरी में पिता बने थे विक्रांत

विक्रांत सिख और ईसाई दोनों धर्म से ताल्लुक रखते हैं। दरअसल, उनके पिता जॉली ईसाई हैं और मां आमना सिख परिवार से हैं। इसी साल फरवरी में विक्रांत एक बेटे के पिता बने थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने घर में आए इस नन्हे मेहमान को लेकर खुशी जाहिर की थी। विक्रांत में बताया था कि वह सातवें आसमान पर हैं। बता दें कि विक्रांत ने अपने बेटे वरदान का नाम अपने हाथ पर गुदवाया हुआ है।

जानकारी

इस फिल्म में तापसी के साथ दिखेंगे विक्रांत

काम के मोर्चे पर बात करें तो विक्रांत जल्द ही फिल्म 'फिर आई हसीन दिलरुबा' में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ तापसी पन्नू और सनी कौशल जैसे कलाकारों ने काम किया है। यह फिल्म 9 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।