Loading...
तमिल सिनेमा के दिग्गज संगीतकार देवा का निधन, अस्पताल में तोड़ा दम
दिग्गज संगीतकार देवा का निधन

तमिल सिनेमा के दिग्गज संगीतकार देवा का निधन, अस्पताल में तोड़ा दम

लेखन सयाली
Oct 17, 2026
12:28 pm

क्या है खबर?

तमिल इंडस्ट्री के दिग्गज संगीतकार और गायक देवानेसन चोक्कलिंगम, उर्फ 'देवा' का शनिवार, 17 अक्टूबर को चेन्नई में निधन हो गया। उन्होंने 75 की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। सूत्रों के अनुसार, संगीतकार को सुबह करीब साढ़े 8 बजे सूर्या अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। देवा के निधन की वजह अभी सामने नहीं आई है।

देवा

कौन थे देवा?

देवा का पार्थिव शरीर चेन्नई के टी नगर स्थित उनके आवास पर रखा जाएगा, ताकि लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें। 20 नवंबर, 1950 को जन्मे देवा तमिल सिनेमा के प्रमुख संगीतकारों में से एक थे।

उन्होंने तमिल लोक संगीत की एक लोकप्रिय शैली 'गाना' को पहचान दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई थी। 4 दशकों के करियर में उन्होंने तमिल, कन्नड़, तेलुगू और मलयालम सिनेमा की 400 से अधिक फिल्मों के लिए गाने बनाए थे।

काम

कैसा रहा बतौर संगीतकार देवा का सफर?

देवा 1980 के दशक के आखिर और 1990 के दशक की शुरुआत में तमिल सिनेमा में मशहूर हुए थे। संगीत में उनके योगदान के लिए देवा को कई सम्मान मिले, जिनमें तमिलनाडु सरकार का 'कलैममणि' पुरस्कार भी शामिल था।

उन्हें 'आसाई' फिल्म में अपने काम के लिए 'सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक' का तमिलनाडु राज्य फिल्म पुरस्कार भी मिला। उनकी मशहूर रचनाओं में अन्नामलाई, बाशा, आसाई, कधल कोट्टई, नेरुक्कु नेर, निनैथेन वंधई, प्रियमुदन, वैली और कुशी शामिल हैं।

ADVERTISEMENT