Page Loader
वरुण धवन और एटली की फिल्म का नाम होगा 'बेबी जॉन', जल्द होगी आधिकारिक घोषणा
वरुण धवन की 'VD 18' के शीर्षक से उठा पर्दा? (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@varundvn)

वरुण धवन और एटली की फिल्म का नाम होगा 'बेबी जॉन', जल्द होगी आधिकारिक घोषणा

Jan 25, 2024
11:47 am

क्या है खबर?

वरुण धवन पिछले कुछ समय से अपनी आने वाली फिल्म 'VD 18' की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसके निर्देशन की कमान 'जवान' के निर्देशक एटली ने संभाली है। यह एटली और वरुण के बीच पहला सहयोग है। प्रशंसकों को फिल्म के शीर्षक का बेसब्री से इंतजार है। तमाम कयासों के बाद अब ताजा खबर यह है कि वरुण और एटली की 'VD 18' का नाम 'बेबी जॉन' हो सकता है। फिलहाल इस खबर की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

रिपोर्ट

अगले कुछ दिनों में होगी फिल्म की घोषणा

बॉलीवुड हंगामा के अनुसार, वरुण की फिल्म का नाम 'बेबी जॉन है' और इसकी घोषणा अगले कुछ दिनों में की जाएगी। एक सूत्र ने कहा, "वरुण की फिल्म का नाम 'बेबी जॉन' रखा गया है और इसकी आधिकारिक घोषणा 27 या 29 जनवरी को की जा सकती है। अनाउंसमेंट वीडियो 54 सेकंड लंबा होगा।" 'VD 18' अक्टूबर और नवंबर के बीच दर्शकों के बीच आ सकती है। पहले यह फिल्म 31 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी।

बेबी जॉन

कभी न देखे गए अवतार में नजर आएंगे वरुण 

'बेबी जॉन' में वरुण की जोड़ी पहली बार वामिका गब्बी के साथ बनी है। कीर्ति सुरेश भी इसमें मुख्य भूमिका निभाएंगी। तीनों की तिगड़ी पहली बार नजर आएंगी। पिंकविला के साथ खास बातचीत में हाल ही में वरुण ने 'VD 18' को लेकर अपने उत्साह को साझा किया था। उन्होंने कहा था, "मैं इस फिल्म के बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकता। मैं बस अपना सब कुछ देने जा रहा हूं। फिल्म में आप मुझे अलग अवतार में देखेंगे।"