Page Loader
विक्की कौशल 10 साल में यूं बने बॉलीवुड के स्टार, इन किरदारों से मिली ऊंची उड़ान
विक्की कौशल के 5 दमदार किरदार

विक्की कौशल 10 साल में यूं बने बॉलीवुड के स्टार, इन किरदारों से मिली ऊंची उड़ान

May 16, 2025
10:44 am

क्या है खबर?

विक्की कौशल का नाम उन अभिनेताओं में शुमार हैं, जिन्होंने खुद को दर्शकों के बीच साबित करने के लिए कड़ी मेहनत की है। वह फिल्मों में शानदार और यादगार अदाकारी करते हैं। उनके कुछ किरदार तो ऐसे हैं, जिनके जरिए विक्की ने न सिर्फ दर्शकों को अपना मुरीद बनाया, बल्कि बॉलीवुड में भी अपना खूब सिक्का जमाया। आज यानी 16 मई को विक्की अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनके 5 यादगार किरदारों पर एक नजर।

#1

चिता जलाने वाले लड़के का किरदार 

विक्की 27 साल के थे, जब पहली बार साल 2015 में आई फिल्म 'मसान' में उन्होंने सफलता का स्वाद चखा था। इसके लिए विक्की को दर्शकों से ढेर सारा प्यार मिला। इसमें विक्की ने श्मशान घाट पर चिता जलाने वाले लड़के दीपक कुमार का किरदार निभाया था, जिसने उन्हें एक अलग ऊंचाइयों पर पहुंचाया। इस किरदार को निभाने के लिए उन्होंने बनारस में श्मशान घाट पर चिता जलाने वाले के साथ काफी वक्त बिताया था। 'मसान' जियो हॉटस्टार पर है।

#2

...जब पहनी सेना की वर्दी

विक्की जब फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' लेकर आए तो दर्शकों के होश उड़ गए। देशभक्ति से लबरेज यह फिल्म उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई। इस फिल्म में साल 2016 में भारतीय सेना द्वारा कश्मीर सीमा पर हमले के बाद की गई सर्जिकल स्ट्राइक की कहानी को दर्शाया गया। फिल्म में विक्की एक आर्मी अफसर बने थे और यही वो किरदार था, जिसने उन्हें उनके करियर का पहला राष्ट्र्रीय पुरस्कार दिलाया था। 'उरी' ZEE5 पर है।

#3

क्रांतिकारी सरदार उधम सिंह का किरदार

विक्की के करियर के बेहतरीन किरदारों की बात हो और उनकी फिल्म 'सरदार उधम' का जिक्र न हो, ऐसा कैसे हो सकता है। 1919 के जलियांवाला बाग हत्याकांड से 1940 तक के समय पर बनी इस कहानी में स्वतंत्रता सैनानी और क्रांतिकारी सरदार उधम सिंह के जीवन को दिखाया गया है। विक्की के इस किरदार ने भी दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी थी। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो और MX प्लेयर पर मौजूद है।

#4 और #5

फील्ड मार्शल और मराठा शासक बन जमाई धाक

साल 2023 में आई फिल्म 'सैम बहादुर' में भारत के पहले फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ बने विक्की पर दर्शकों ने खूब प्यार लुटाया। उनके चर्चित किरदारों में इस किरदार की चर्चा जरूर होती है। उनकी यह फिल्म ZEE5 पर देखी जा सकती है। उधर नेटफ्लिक्स पर मौजूद फिल्म 'छावा' में मराठा योद्धा छत्रपति संभाजी महाराज के किरदार में भी विक्की छा गए। शेर की तरह गर्जना करने वाले शूरवीर को उन्होंने अपनी उम्दा अदाकारी से पर्दे पर जिंदा कर दिया।