'टॉक्सिक' से पहले जानिए नयनतारा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची
क्या है खबर?
साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित गैंगस्टर ड्रामा फिल्म 'टॉक्सिक' 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नयनतारा भी अहम भूमिका निभा रही हैं। फिल्म की एडवांस बुकिंग को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड कमाई की उम्मीद बढ़ गई है। ऐसे में रिलीज से पहले आइए जानते हैं नयनतारा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों के बारे में।
#1 & #2
'जवान' और 'सई रा नरसिम्हा रेड्डी'
साल 2023 में आई एक्शन थ्रिलर फिल्म 'जवान' नयनतारा की सबसे कमाऊ फिल्म है। इस फिल्म में उनके साथ शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 640.20 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'सई रा नरसिम्हा रेड्डी' में नयनतारा के साथ चिरंजीवी भी मुख्य भूमिका में हैं। 200 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 248 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
#3 & #4
'मन शंकर वर प्रसाद गारू' और 'दरबार'
साल 2026 में रिलीज हुई तेलुगु एक्शन-कॉमेडी फिल्म 'मन शंकर वर प्रसाद गारू' में नयनतारा के साथ चिरंजीवी और वेंकटेश दिखाई दिए थे। इस फिल्म ने 225 से 230 करोड़ रुपये तक की कमाई की है।
साल 2020 में रिलीज हुई फिल्म 'दरबार' में नयनतारा और रजनीकांत की जोड़ी को लोगों ने खूब पसंद किया था। 175 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 238 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
जानकारी
#5 'विश्वासम'
फैमिली-एक्शन ड्रामा फिल्म 'विश्वासम' साल 2019 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में नयनतारा के साथ अजित कुमार और जगपति बाबू दिखाई दिए थे। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 136.45 करोड़ रुपये की कमाई की थी।