Page Loader
बॉलीवुड कलाकारों के ये बच्चे एक्टिंग में नहीं बनाना चाहते करियर
ये स्टारकिड्स एक्टिंग में नहीं बनाना चाहते करियर

बॉलीवुड कलाकारों के ये बच्चे एक्टिंग में नहीं बनाना चाहते करियर

Apr 28, 2022
10:59 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड सितारों के बच्चों को पर्दे पर देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित रहते हैं। ज्यादातर स्टारकिड्स इंडस्ट्री में खुद की अलग पहचान भी बना चुके हैं। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, सोनम कपूर, सोनाक्षी सिन्हा, टाइगर श्रॉफ और अभिषेक बच्चन जैसे स्टारकिड्स एक्टिंग में बड़ा नाम कमा चुके हैं। इसके उलट कुछ ऐसे भी स्टारकिड्स हैं, जिनकी एक्टिंग में कोई दिलचस्पी नहीं है। आइए ऐसे स्टारकिड्स पर एक नजर डालते हैं।

#1

वेदांत माधवन

इस सूची में पहना नाम वेदांत माधवन का है, जो अभिनेता आर माधवन के बेटे हैं। माधवन और वेदांत के बीच अच्छी बॉन्डिंग दिखती है। सभी को पता है कि वेदांत ने एक्टिंग के स्थान पर स्पोर्ट्स को अपना करियर चुना। वह स्विमिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए मेडल जीत चुके हैं। माधवन ने कहा था, "मेरे बेटे को एक्टिंग में कोई रुचि नहीं है और ना ही हमारी भविष्य में उसे एक्टर बनाने की कोई योजना है।"

#2

कृष्णा श्रॉफ

जैकी श्रॉफ की बेटी होने के बावजूद कृष्णा श्रॉफ का इरादा एक्टिंग में करियर बनाने का नहीं है। जैकी के बेटे और कृष्णा के भाई टाइगर पहले ही बॉलीवुड में खुद को स्थापित कर चुके हैं। कृष्णा ने अपने भाई टाइगर के साथ मिलकर दिसंबर, 2018 में मुंबई में एक मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स जिम की स्थापना की थी। एक साल बाद उन्होंने अक्टूबर, 2019 में इसका एक और ब्रांच बरेली में खोला। वह फिटनेस को लेकर काफी सजग रहती हैं।

#3

रिद्धिमा कपूर साहनी

रिद्धिमा कपूर साहनी अभिनेत्री नीतू सिंह और दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की बेटी हैं। वह सुंदरता और स्टाइल के मामले में बड़ी-बड़ी अभिनेत्रियों को टक्कर देती हैं। कहा जाता है कि कपूर परिवार ने रिद्धिमा की फिल्मों में एंट्री नहीं कराई। ये अलग बात है कि कपूर परिवार से ही करीना कपूर और करिश्मा कपूर ने इंडस्ट्री में सफलता के झंडे गाड़े हैं। रिद्धिमा ने अभिनेत्री बनने के बजाय ज्वेलरी डिजाइनर बनने का विकल्प चुना।

#4

अंशुला कपूर

अंशुला कपूर फिल्ममेकर बोनी कपूर की बेटी और अर्जुन कपूर की बहन हैं। वह बोनी की पहली पत्नी मोना कपूर की बेटी हैं। कहा जाता है कि वह फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बनाए रखना पसंद करती हैं। हाल में ऐसी खबरें आई थीं कि बोनी अंशुला को बॉलीवुड में लॉन्च करना चाहते हैं। हालांकि, इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मिड-डे के मुताबिक, अंशुला ने गूगल के साथ AdWords के प्रतिनिधि के रूप में काम किया है।

#5

राहुल भट्ट

राहुल भट्ट फिल्म निर्देशक महेश भट्ट के बेटे और पूजा भट्ट के छोटे भाई हैं। वह महेश की पहली पत्नी के बेटे हैं। वह शायद भट्ट परिवार से एकमात्र शख्स हैं, जिनका जुड़ाव फिल्मों से नहीं है। वह एक प्रसिद्ध सेलिब्रिटी फिटनेस कोच हैं। उन्होंने ही सुपरहिट फिल्म 'दंगल' के लिए दिग्गज अभिनेता आमिर खान के ट्रांसफॉर्मेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह 2010 में लोकप्रिय रियलिटी टीवी शो 'बिग बॉस' के चौथे सीजन के दौरान एक प्रतियोगी भी थे।