तनीषा मुखर्जी का 'बिग बॉस' पर खुलासा- अरमान कोहली संग रिश्ते के लिए ब्रेनवाॅश किया गया
क्या है खबर?
'बिग बॉस' के 7वें सीजन में तनीषा मुखर्जी और अरमान कोहली के रिश्ते ने खूब चर्चा बटोरी थी। हालांकि, शो से बाहर आने के बाद उनके बीच बातचीत बंद हो गई और इसी के साथ उनके रिश्ते में दूरियां आ गईं। कई साल बाद, तनीषा ने इस रिश्ते को लेकर खुलकर बात की और 'बिग बॉस' को हेरफेर का खेल बताया। हालिया पॉडकास्ट में उन्होंने दावा किया कि अरमान संग रिश्ते के लिए शो निर्माताओं ने उनका ब्रेनवॉश किया था।
दावा
'बिग बॉस' की टीम खास परिस्थितियों में डालती है- तनीषा
यूट्यूब चैनल अनफोल्डिंग ह्यूमन्स से बातचीत में तनीषा ने दावा किया कि शो की टीम प्रतियोगियों को कुछ खास परिस्थितियों में डालती है, जिससे वह एक-दूसरे के प्रति वफादार रहें।
उन्होंने कहा, "वे आपको इन चीजों में फंसाते हैं। वे आपको मुश्किल परिस्थितियों में एक साथ रखते हैं, जेल में एक साथ डालते हैं, जिससे आप एक-दूसरे की तकलीफों पर सहानुभूति जता सकें। ये सभी अनुभव आपके अंदर नकली भावनाएं पैदा करते हैं जो वास्तव में आपकी नहीं होतीं।"
हालात
अरमान के साथ हालात ने भावनात्मक जुड़ाव बनाया- तनीषा
तनीषा ने कहा, "ये भावनाएं उन अनुभवों के कारण पैदा होती हैं जो आपने एक साथ झेले हैं। ये परिस्थितियां गेम शो को नियंत्रित करने वाले लोगों द्वारा तय की जाती हैं। ये बातें मुझे बाद में समझ में आईं।"
उन्होंने दावा किया कि निर्माताओं ने उन्हें और अरमान को एक टीम में रखा, जिससे उनके बीच बातचीत के अधिक अवसर मिले। उन्होंने कहा, "फिर हालात ऐसे बन गए कि हम दोनों के बीच गहरा भावनात्मक जुड़ाव हो गया।"
प्रभाव
शो से बाहर आकर मनोचिकित्सक की सहायता लेनी पड़ी- तनीषा
उन्होंने बताया कि 'बिग बॉस 7' से बाहर आने के बाद उन्हें मनोचिकित्सक के पास जाना पड़ा। इस प्रभाव से उबरने में उन्हें 6 महीने लगे।
तनीषा ने माना कि ऐसे शो में जाने से पहले बहुत सावधान रहना पड़ता है, और आजकल के बच्चे पहले से कहीं ज्यादा समझदार हैं। तनीषा ने कहा कि उन्हें लगता है कि इसका कारण उनकी पृष्ठभूमि है, क्योंकि वह सुरक्षित माहौल में पली-बढ़ी थीं। इससे पहले उन्होंने हेरफेर का अनुभव नहीं किया था।