LOADING...
जयंती विशेष: 'सदमा' से 'मॉम' तक, आज भी पसंद की जाती हैं श्रीदेवी की ये फिल्में
श्रीदेवी की इन शानदार फिल्मों का OTT पर उठाएं लुत्फ

जयंती विशेष: 'सदमा' से 'मॉम' तक, आज भी पसंद की जाती हैं श्रीदेवी की ये फिल्में

लेखन मेघा
Aug 13, 2023
07:00 am

क्या है खबर?

दक्षिण भारतीय सिनेमा से अपने करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री श्रीदेवी किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने 1979 में 'सोलहवां सावन' से बॉलीवुड में कदम रखा, लेकिन यह फिल्म असफल साबित हुई। इसके बाद उन्हें 'हिम्मतवाला' से पहचान मिली और बाद में पहली महिला सुपरस्टार का दर्जा भी मिल गया। आइए आज यानी 13 अगस्त को अभिनेत्री की जयंती के मौके पर उनकी कुछ फिल्मों के बारे में जानते हैं, जिन्हें आज भी पसंद किया जाता है।

#1

'सदमा'

1983 में आई फिल्म 'सदमा' में श्रीदेवी कमल हासन के साथ नजर आई थीं। फिल्म में अभिनेत्री ने एक ऐसी लड़की का किरदार निभाया था, जिसकी याददाश्त खो जाती है। फिल्म में अभिनेत्री के अभिनय को काफी सराहा गया और ऐसे में वह इसके बाद काफी लोकप्रिय भी हो गई थीं। फिल्म का गाना 'ऐ जिंदगी गले से लगा ले' तो यकीनन आज भी लोगों को बहुत पसंद आता है। यह फिल्म MX प्लेयर पर मौजूद है।

#2

'हिम्मतवाला'

1983 में 'सदमा' के बाद आई फिल्म 'हिम्मतवाला' ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिया था। फिल्म में श्रीदेवी की जोड़ी जितेंद्र के साथ बनी, जिसे दर्शकों ने बेशुमार प्यार दिया था। फिल्म की कहानी रवि (जितेंद्र) की थी, जो अपने पिता की खोई हुई प्रतिष्ठा को वापस पाने की कोशिश में लगा रहता है। रवि के दुश्मन शेर सिंह की बेटी को उससे प्यार हो जाता है और वह उसकी मदद करती है। यह फिल्म यूट्यूब पर मौजूद है।

#3

'मिस्टर इंडिया'

शेखर कपूर की 1987 में आई 'मिस्टर इंडिया' भी श्रीदेवी की बेहतरीन फिल्मों में शुमार है। इस फिल्म में अभिनेत्री अनिल कपूर के साथ नजर आई थी, जिनके पास अदृश्य हो जाने की शक्ति थी। फिल्म को लोगों ने काफी पसंद किया था और इसका बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला था। फिल्म के गाने आज भी लोगों की जुबां पर चढ़े रहते हैं। इस फिल्म को ZEE5 पर देखा जा सकता है।

#4

'इंग्लिश विंग्लिश'

गौरी शिंदे की 2012 में आई 'इंग्लिश विंग्लिश' से श्रीदेवी ने करीब 15 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की थी। इस फिल्म की कहानी शशि की थी, जो अपने परिवार के साथ खुशहाल जिंदगी जी रही है, लेकिन अंग्रेजी न आने की वजह से उसे परेशानी होती है। ऐसे में वह अंग्रेजी बोलना सीखती है जो उसे खुद को फिर से खोजने और अपने मूल्य को स्थापित करने में मदद करती है। यह फिल्म भी ZEE5 पर उपलब्ध है।

#5

'मॉम'

2017 में श्रीदेवी 'मॉम' में नजर आई थीं, जिसमें एक मां के किरदार को उन्होंने बखूबी निभाया था। फिल्म की कहानी एक मां के बदले की है, जो अपनी बेटी का रेप करने वालों को सबक सिखाने के लिए जासूस की मदद लेती है। इस फिल्म में श्रीदेवी की बेटी की किरदार पाकिस्तानी अभिनेत्री सजल अली ने निभाया था। यह फिल्म नेटफ्लिक्स और ZEE5 पर उपलब्ध है। मालूम हो कि श्रीदेवी आखिरी बार 'जीरो' (2018) में कैमियो करती दिखी थीं।