शादी के 40 साल बाद भी बरकरार महेश भट्ट-सोनी राजदान का प्यार, रिश्ते पर बोलीं अभिनेत्री
क्या है खबर?
मशहूर निर्देशक महेश भट्ट और अभिनेत्री सोनी राजदान बॉलीवुड के उन जोड़ों में से एक हैं, जो उम्र में अंतर के चलते सुर्खियों में रहते हैं। हालांकि, इसके बावजूद भी दोनों के बीच प्यार कम नहीं हुआ। शादी के 40 साल बाद भी दोनों का रिश्ता पहले-सा मजबूत है। अब अभिनेत्री ने एक इंटरव्यू के दौरान अपनी और महेश की उम्र के अंतर के बारे में खुलकर बात की और बताया कि इसका उनके रिश्ते पर क्या असर पड़ता है।
इंटरव्यू
रिश्ते में मेरा विकास हुआ- सोनी
सोनी हाल ही में नयनदीप रक्षित के पॉडकास्ट पर बतौर मेहमान गई थीं, जहां उन्होंने महेश के साथ उनके मजबूत रिश्ते का राज बताया।
इस दौरान उन्होंने बताया, "महेश मुझसे थोड़ी अलग और थोड़ी पुरानी पीढ़ी से आते हैं। शुरू में हमारे सोच-विचार में थोड़ा फर्क था। मैं इस रिश्ते में बहुत खुले विचारों के साथ गई थी। इस रिश्ते से एक इंसान के तौर पर मेरा भी विकास हुआ और उनका भी।"
महेश
हम एक दूसरे के सबसे अच्छे दोस्त हैं- सोनी
सोनी ने महेश के बारे में कहा, "महेश की खूबी ये है कि वह ईमानदार हैं, उन्हें अपने बारे में गहरी समझ है। वह खुद को आलोचनात्मक नजरिए से देख पाते हैं, जो ज्यादातर पुरुषों के लिए मुश्किल है।"
सोनी का कहना है कि दोनों एक-दूसरे के साथ बहुत सहज महसूस करते हैं और सच में एक दूसरे के सबसे अच्छे दोस्त हैं।
बता दें, दोनों के बीच 8 साल का अंतर है और उनकी शादी 1986 में हुई थी।