Page Loader
सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल का प्यार परवान कैसे चढ़ा? सलमान खान ने निभाई खास भूमिका
सोनाक्षी और जहीर इकबाल की प्रेम कहानी कैसे शुरू हुई?

सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल का प्यार परवान कैसे चढ़ा? सलमान खान ने निभाई खास भूमिका

Jun 23, 2024
10:05 pm

क्या है खबर?

सोनाक्षी सिन्हा कई दिनों से अभिनेता जहीर इकबाल के साथ अपनी शादी को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। 23 जून को दोनों शादी के बंधन में बंध चुके हैं। उनकी शादी की पहली तस्वीर और वीडियो भी सामने आ चुका है, जिस पर उनके प्रशंसक खूब प्यार लुटा रहे हैं। 7 साल एक-दूसरे को डेट करने के बाद सोनाक्षी और जहीर ने अपने रिश्ते को शादी का नाम दिया है। आइए उनकी प्रेम कहानी पर एक नजर डालते हैं।

मिलन

सलमान खान ने ही कराया मिलन

सोनाक्षी और जहीर की पहली मुलाकात सलमान खान की पार्टी में हुई थी। यहीं पहली बार दोनों मिले और उनकी दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों के बीच मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ और फिर धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। बता दें कि जहां सलमान ने साेनाक्षी को अपनी फिल्म 'दबंग' से बॉलीवुड में लॉन्च किया, वहीं जहीर को फिल्माें के दर्शन कराने वाले भी सलमान की ही हैं। उन्होंने फिल्म 'नोटबुक' से उन्हें बॉलीवुड में ब्रेक दिया था।

नजदीकिया

अक्सर साथ नजर आते थे सोनाक्षी-जहीर

सोनाक्षी और जहीर जल्द ही एक-दूसरे पर अपना दिल हार बैठे थे। दोनों के बीच की केमिस्ट्री और प्यार उनके चेहरों पर साफ झलकता था। हालांकि, किसी ने भी कभी अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात नहीं की। इंडस्ट्री से जुड़ीं पार्टियों में भी दोनों अक्सर साथ ही दिखते थे। सोनाक्षी-जहीर की लंच डेट, डिनर डेट और मूवी डेट अक्सर सुर्खियां बनती थीं। दोनों अपने रिश्ते को हमेशा दोस्ती का नाम देते रहे।

सार्वजनिक

पहली बार जब सार्वजनिक रूप से साथ आए सोनाक्षी-जहीर

सोशल मीडिया पर सोनाक्षी और जहीर अक्सर एक-दूसरे के पोस्ट पर कमेंट करने लगे, लेकिन बॉलीवुड के गलियारों में उस वक्त चर्चा तेज हुई, जब सोनाक्षी और जहीर ने एक साथ कपल के तौर पर सलमान की बहन अर्पिता खान की ईद पार्टी में एंट्री की, जो 2023 में हुई। इसके बाद उनके अफेयर पर मोहर लग गई। सोशल मीडिया पर दोनों एक-दूसरे के पोस्ट पर कमेंट करने लगे। पार्टी और विदेश छुट्टी मनाते हुए उनकी तस्वीरें सामने आने लगीं।

फिल्म

इस फिल्म में साथ किया काम

सोनाक्षी और जहीर फिल्म 'डबल एक्सएल' में साथ काम कर चुके हैं। इस फिल्म में हुमा कुरैशी भी नजर आई थीं। 'डबल एक्सएल' 2022 में रिलीज हुई थी। अब आखिरकार सोनाक्षी ने अपने प्यार जहीर से शादी रचा ली है। मुंबई के बास्टियन में उनकी शादी का जश्न है, जहां बॉलीवुड के कई सितारे शामिल हो रहे हैं। इस मौके पर उनकी मां और पिता शत्रुघ्न सिन्हा भी बेहद खुश नजर आए।