सोमी अली ने साधा सलमान पर निशाना, दी पर्दाफाश करने की धमकी

सोमी अली को भले ही बॉलीवुड छोड़े लंबा समय हो गया, लेकिन वह सलमान खान के कारण अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। सलमान को लेकर सोमी कुछ ना कुछ बयानबाजी करती रहती हैं, लेकिन हाल ही में वह कुछ ऐसा कह गईं, जिससे विवाद हो सकता है। दरअसल, सोमी ने कुछ आरोप लगाए हैं, जो साफतौर पर सलमान की ओर इशारा कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनका पोस्ट वायरल हो रहा है। आइए जानते हैं सोमी ने क्या कहा।
सोमी ने सोशल मीडिया पर सलमान खान और भाग्यश्री की फिल्म 'मैंने प्यार किया' के गाने 'हंसते-गाते' का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'बॉलीवुड के हार्वे विंस्टीन, एक दिन तुम्हारा भी पर्दाफाश होगा। जिन महिलाओं के साथ तुमने गाली-गलौज की है, वे एक दिन सामने आएंगी और अपना सच बताएंगी। जैसे ऐश्वर्या राय बच्चन ने किया।' सोमी के इस पोस्ट पर कुछ लोग सलमान का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ सोमी का साथ दे रहे हैं।
हार्वे विंस्टीन एक मशहूर अमेरिकी फिल्मकार हैं। उन्होंने 'शेक्सपियर इन लव', 'गैंग्स ऑफ न्यूयॉर्क', 'पल्प फिक्शन' और 'माई विक विद मर्लिन' जैसी फिल्में बनाई हैं। हार्वे ने 'शेक्सपियर इन लव' के लिए ऑस्कर जीता था। उन पर दर्जनों महिलाओं और अभिनेत्रियों ने रेप, मारपीट, यौन शोषण और धमकाने के आरोप लगाए थे। इनमें केट ब्लैंकेट, लीजा कैंपबेल, एवा ग्रीन, एंजेलिना जोली जैसी कई मशहूर अभिनेत्रियां शामिल थीं। इसके बाद हार्वे को अदालत ने 23 साल कैद की सजा सुनाई थी।
सलमान और ऐश्वर्या की लव स्टोरी से सभी वाकिफ हैं। हालांकि, बाद में उनका ब्रेकअप हो गया। 2002 में जब ऐश्वर्या ने सलमान पर मारपीट का आरोप लगाया तो उनके रिश्ते की सच्चाई सुन लोग हैरान रह गए। पूरी इंडस्ट्री में हलचल शुरू हो गई। ऐश्वर्या ने सलमान पर आरोप लगाया था कि वह शराब के नशे में उनके साथ मारपीट करते थे और उन्हें फोन पर धमकाते भी थे। हालांकि, सलमान ने कभी इन आरोपों को स्वीकारा नहीं है।
सोमी पाकिस्तानी मूल की अमेरिकी नागरिक हैं। वह सलमान को बहुत पसंद करती थीं और इसलिए 16 साल की उम्र में उनसे शादी करने मुंबई आ गई थीं। हालांकि, 1999 में यह रिश्ता पूरी तरह खत्म हो गया, जिसके बाद सोमी वापस अमेरिका लौट गईं।
सोमी ने सलमान संग अपने ब्रेकअप पर कहा था, "अगर आप अपने साथी से नाखुश हैं तो रिश्ते को जबरदस्ती खींचने का कोई मतलब नहीं। जब बार-बार आपको उसकी तरफ से सिर्फ और सिर्फ दुख मिल रहा हो तो अलग होने का फैसला लेना जरूरी हो जाता है।" उन्होंने कहा, "समाज क्या कहेगा, यह चिंता ना करते हुए एक ऐसा फैसला लें, जो आपके लिए सही हो। रिश्ते में प्यार के साथ विश्वास, इज्जत और समझदारी होना जरूरी है।"