Page Loader
शकीरा पेट में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती, रद्द किया पेरू में होने वाला शो
शकीरा पेट में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@shakira)

शकीरा पेट में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती, रद्द किया पेरू में होने वाला शो

Feb 17, 2025
12:16 pm

क्या है खबर?

कोलंबिया की जानी-मानी गायिका शकीरा की अचानक तबीयत खराब हो गई है। पेट में तकलीफ के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर शकीरा ने खुद यह जानकारी अपने प्रशंसकों को दी है। पेट में तकलीफ के चलते शकीरा ने पेरू में होने वाला अपना शो रद्द कर दिया है। इसके लिए उन्होंने प्रशंसकों से माफी मांगी है। इसके साथ शकीरा ने अपने स्वास्थ्य अपडेट साझा किया है।

पोस्ट

मैं मंच पर आ पाने की स्थिति में नहीं हूं- शकीरा

शकीरा ने लिखा, 'मुझे आप सभी को यह बताते हुए दुख हो रहा है कि कल रात मुझे पेट की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने मुझे परफॉर्म न करने की सलाह दी है। मैं मंच पर आ पाने की स्थिति में नहीं हूं।' उन्होंने आगे लिखा, 'मैं पेरू में अपने फैंस के लिए परफॉर्म करने का बेसब्री से इंतजार कर रही थी। मैं बहुत दुखी हूं कि आज मैं मंच पर नहीं जा पाऊंगी।'

करियर

शानदार रहा शकीरा का करियर 

शकीरा का जन्म 2 फरवरी, 1977 को कोलंबिया के बैरेंक्विला में हुआ था। फीफा वर्ल्ड कप 2010 के लिए उन्होंने थीम सॉन्ग 'वाका वाका- इट्स टाइम फॉर अफ्रीका' गाया था, जो काफी हिट हुआ था। इस गाने के बाद उनकी लोकप्रियता ने बुलंदियों को छू लिया था। कोलंबिया के इतिहास में सबसे ज्यादा (14 करोड़) संगीत एल्बम शकीरा की ही बिकी हैं। शकीरा ने दो ग्रैमी अवॉर्ड्स जीते हैं और उन्हें पांच बार इस पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया।