सलमान खान का मां सलमा की शादी पर खुलासा- 5 साल तक नहीं बोले थे नाना
क्या है खबर?
सलमान खान ने 'बिग बॉस 20' के वीकेंड का वार में अपने माता-पिता की लव स्टोरी से जुड़ा एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सलमा खान (सुशीला चरक) से शादी के बाद उनके नाना ने लगभग 5 साल तक पिता सलीम खान से बातचीत नहीं की थी। सलमान ने साफ किया कि ये नाराजगी धर्म की वजह से नहीं, बल्कि सलीम साहब के फिल्म इंडस्ट्री में अनिश्चित भविष्य और संघर्ष को लेकर थी।
खुलासा
सलमान के नाना को इस बात की सता रही थी चिंता
सलमान बोले, "जब मेरे माता-पिता की शादी हुई तो उसमें कोई धार्मिक पहलू नहीं था। उसमें सिर्फ जो मेरे नाना थे, वो इस बात से नाराज थे कि उनकी बेटी की शादी एक अच्छे दिखने वाले आदमी से हो रही है, जो एक्टर बनना चाह रहा है और फिल्म इंडस्ट्री में है। इसी वजह से वो बड़े चिंतित थे। नाना को इस बात की चिंता थी कि उनकी बेटी फिल्म इंडस्ट्री के माहौल में कैसे ढलेगी।"
बातचीत
सोहेल के जन्म पर हुई सुलह
सलमान ने बताया कि उनके पिता सलीम खान और नाना के बीच 5 साल तक बातचीत बंद रही थी।
वो बोले, "उन्होंने मेरे पापा से 5 साल बात नहीं की।" सलमान ने याद करते हुए कहा। हालांकि, छोटे भाई सोहेल खान के जन्म के बाद ये कड़वाहट खत्म हुई। नाना खुद माहिम से बांद्रा जलेबी का डिब्बा लेकर परिवार से मिलने पहुंचे, जो दोनों परिवारों के बीच रिश्ते सुधारने की दिशा में एक बेहद भावुक कदम साबित हुआ।
पछतावा
5 साल की दूरी पर नाना ने बाद में जताया अफसोस
सलमान के नाना ने बाद में अफसोस जताया था कि नाती-पोतों को बड़ा होते न देख पाना उनकी सबसे बड़ी भूल थी। उन्हें अपने फैसले और सलीम खान के साथ समय न बिता पाने का दुख था, जिन्हें सलमान दुनिया का सबसे अच्छा इंसान मानते हैं।
सलमान ने बताया कि नाना ने मां सलमा से कहा था कि उनका घर हमेशा उनके लिए खुला है, लेकिन बस वो अपने पति से झगड़ा करके कभी वापस न आएं।
शादी
सलीम खान की दूसरी शादी और सलमा का बड़ा दिल
सलीम खान और सुशीला चरक (जिन्हें बाद में सलमा खान के नाम से जाना गया) के 5 बच्चे हैं, सलमान, सोहेल, अरबाज खान, बेटियां अलविरा अग्निहोत्री और अर्पिता शर्मा।
सलीम ने बाद में अभिनेत्री हेलन से शादी कर ली। सलमान ने बताया कि कैसे उनकी मां सलमा ने हेलन को पूरे दिल से परिवार में स्वीकार किया और धीरे-धीरे बच्चे भी उनके साथ घुल-मिल गए। वो बोले कि हेलन आज भी खान परिवार का एक बेहद खास हिस्सा हैं।