एक्शन शो के साथ OTT पर कदम रखेंगे निर्देशक रोहित शेट्टी, बड़े सितारे की तलाश

निर्देशक रोहित शेट्टी ने अपने करियर में कई शानदार एक्शन फिल्में हिंदी सिनेमा को दी हैं। एक्शन से भरी फिल्मों का निर्देशन करने में वह माहिर रहे हैं। बॉलीवुड में नाम कमाने के बाद अब रोहित OTT जगत में भी अपना सिक्का जमाने की तैयारी में हैं। अपने पहले वेब शो के लिए वह बॉलीवुड के एक बड़े स्टार की तलाश कर रहे हैं। आइए जानते हैं इस बारे में और क्या जानकारी मिली है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक रोहित एक कॉप एक्शन शो लेकर आ रहे हैं। उन्होंने इसके लिए OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम से हाथ मिलाए हैं। उनका यह शो एक्शन से भरपूर होगा और इसमें बॉलीवुड के एक टॉप एक्टर को साइन किया जाएगा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि रोहित एक धमाकेदार सीरीज दर्शकों के बीच पेश करना चाहते हैं, चाहे फिर इसके लिए उन्हें भारी-भरकम रकम ही क्यों ना खर्च करनी पड़े।
व्यापार विश्लेषक और फिल्म समीक्षक सुमित कदेल ने भी इस खबर पर अपनी मुहर लगा दी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'निर्देशक रोहित शेट्टी अमेजन प्राइम के लिए एक जबरदस्त एक्शन कॉप ड्रामा शो का निर्देशन करने वाले हैं। अपने इस शो में वह बॉलीवुड के 'ए' लिस्ट एक्टर को कास्ट करेंगे।' पिछले दिनों यह चर्चा भी जोरों पर थी कि रोहित आठ एपिसोड की एक एक्शन थ्रिलर वेब सीरीज बनाने वाले हैं, जो सत्य घटनाओं से प्रेरित होगी।
Director Rohit Shetty to direct a Big scale action-Cop drama web series for Amazon Prime video. An A list star would be onboard for this project. pic.twitter.com/jkx8aHdtmb
— Sumit Kadel (@SumitkadeI) July 2, 2021
बता दें कि रोहित कॉप एक्शन थ्रिलर फिल्मों के लिए मशहूर हैं। उनकी फिल्म 'सिंघम' हो या 'सिंघम 2', दोनों ही दर्शकों की कसौटी पर खरी उतरीं और बॉक्स ऑफिस पर भी इन दोनों फिल्मों ने अच्छा बिजनेस किया। रोहित बड़े बजट की एक्शन फिल्में बनाने में उस्ताद हैं। वह कॉप एक्शन ड्रामा फिल्म 'सिम्बा' के निर्देशन की कमान भी संभाल चुके हैं, जो कि बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी। हालांकि, उनकी कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'गोलमाल' भी सुपरहिट रही है।
रोहित शेट्टी पिछले कुछ समय से अपनी दो फिल्मों को लेकर सुर्खियों में हैं। एक है 'सूर्यवंशी' और दूसरी है सर्कस। 'सूर्यवंशी' में अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ की जोड़ी बनी है। इस फिल्म में अक्षय एक ATS ऑफिसर के किरदार में नजर आने वाले हैं। दूसरी तरफ फिल्म 'सर्कस' में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। इस फिल्म में रणवीर डबल रोल कर सकते हैं। इसमें जैकलीन फर्नांडिज और पूजा हेगड़े भी अहम भूमिका निभा रही हैं।