Page Loader
रोहित शेट्टी 'इंडियन पुलिस फोर्स' की शूटिंग के दौरान हुए घायल, किया गया छोटा ऑपरेशन
शूटिंग के दौरान घायल हुए रोहित शेट्टी (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@itsrohitshetty)

रोहित शेट्टी 'इंडियन पुलिस फोर्स' की शूटिंग के दौरान हुए घायल, किया गया छोटा ऑपरेशन

Jan 07, 2023
08:18 pm

क्या है खबर?

फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी अपनी लोकप्रिय कॉप यूनिवर्स को अब OTT पर लाने की तैयारी में हैं। उनकी वेब सीरीज 'इंडियन पुलिस फोर्स' काफी समय से चर्चा में है। इस सीरीज में सिद्धार्थ मल्होत्रा मुख्य भूमिका निभाएंगे। हाल ही में सीरीज के दूसरे शेड्यूल की शूटिंग शुरू हुई थी। शनिवार को शूटिंग करने वक्त रोहित शेट्टी घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उनका एक छोटा सा ऑपरेशन भी किया गया है।

घटना

ऑपरेशन के बाद अस्पताल से मिली छुट्टी

'इंडियन पुलिस फोर्स' की शूटिंग हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार को एक कार चेज सीन की शूटिंग करते समय रोहित चोटिल हो गए। उनके हाथ में चोट लगी थी, जिसके बाद उनकी टीम उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गई। हैदराबाद के कामिनेनी अस्पताल में उन्हें भर्ती किया गया और एक छोटा ऑपरेशन भी हुआ। इसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

वेब सीरीज

अमेजन प्राइम वीडियो पर आएगी 'इंडियन पुलिस फोर्स'

रोहित ने अपनी नई वेब सीरीज 'इंडियन पुलिस फोर्स' के लिए अमेजन प्राइम वीडियो के साथ हाथ मिलाया है। इस सीरीज में सिद्धार्थ मल्होत्रा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके अलावा शो में शिल्पा शेट्टी और विवेक ओबेरॉय भी नजर आएंगे। बीते साल गोवा में सीरीज की शूटिंग करते हुए सिद्धार्थ मल्होत्रा भी घायल हो गए थे। अगस्त में इसी शो की शूटिंग करते हुए शिल्पा का भी पैर टूट गया था।

सिंघम अगेन

'सिंघम अगेन' पर शुरू कर चुके हैं काम

रोहित की पिछली फिल्म 'सर्कस' पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुई थी। फिल्म को दर्शकों ने पसंद नहीं किया और यह फ्लॉप हो गई। अब रोहित 'सिंघम फ्रैंचाइज की अगली फिल्म 'सिंघम अगेन' पर काम कर रहे हैं। हाल ही में रोहित ने घोषणा की थी कि इस फिल्म में दीपिका पादुकोण लेडी सिंघम बनेंगी। उनके साथ फिल्म में अजय देवगन भी होंगे। इसके पहले कॉप यूनिवर्स में वह 'सिंबा' और 'सूर्यवंशी' भी बना चुके हैं।

गोलमाल

गोलमाल फ्रैंचाइजी भी है चर्चा में

कॉप यूनिवर्स के अलावा रोहित अपनी 'गोलमाल' फ्रैंचाइजी पर भी काम कर रहे हैं। यह बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय फिल्म फ्रैंचाइजी में से एक है। खबर है कि रोहित 'सर्कस' और 'गोलमाल' का क्रॉसओवर बना रहे हैं। यानी कि 'गोलमाल' फ्रेंचाइजी में भी अब रणवीर सिंह की एंट्री हो गई है। वह टीवी शो 'खतरों के खिलाड़ी' के होस्ट के तौर पर भी लोकप्रिय हैं। रोहित खासतौर पर अपनी फिल्मों में कार चेज सीन के लिए जाने जाते हैं।