Page Loader
ऋषि कपूर ने अपनी इन फिल्मों के किरदारों से बनाई लोगों के दिलों में जगह

ऋषि कपूर ने अपनी इन फिल्मों के किरदारों से बनाई लोगों के दिलों में जगह

लेखन अंजली
May 01, 2020
09:46 am

क्या है खबर?

ऋषि कपूर ऐसे एक्टर थे, जो हर किरदार और भूमिका को पूरी शिद्दत के साथ निभा सकते थे। उनकी यही खासियत उन्‍हें और एक्टरों से जुदा करती थी। उनकी अदायगी के चर्चे ही तो उन्हें हर तरह के रोल के लिए हमेशा तैयार रखते थे। आज बेशक वो हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन हाल ही के कुछ दशकों की उनकी फिल्मों के उनका अभिनय लोगों को हरदम याद रहेगा। आइये, ऐसे ही किरदारों पर नजर डालते हैं।

#1

अमरजीत कपूर (फिल्म- कपूर एंड सन्स)

18 मार्च, 2016 में रिलीज हुई 'कपूर एंड सन्स' में ऋषि कपूर ने एक चुलबुले दादा अमरजीत कपूर का रोल निभाया था। इस फिल्म में उनके साथ आलिया भट्ट, फवाद खान और सिद्धार्थ मल्होत्रा थे। इस फिल्म में ऋषि कपूर के अभिनय के साथ-साथ उनके मेकअप ने भी बहुत सुर्खियां बटोरी थीं। उनको अपने दादा वाले किरदार को निभाने के लिए पांच घंटे से ज्यादा तैयार होने में समय लगता था। इस फिल्म के निर्माणकर्ता करन जौहर हैं।

#2

रऊफ लाला (फिल्म- अग्निपथ)

26 जनवरी, 2012 में रिलीज हुई फिल्म 'अग्निपथ' में ऋषि कपूर ने पहली बार नेगेटिव रोल निभाते हुए नजर आए थे, लेकिन उनका यह रोल भी लोगों ने बेहद पसंद किया। इस फिल्म में ऋषि कपूर ने रऊफ लाला नाम का बेहद खूंखार किरदार निभाया था। करन मल्होत्रा द्वार बनाई गई इस फिल्म के मुख्य किरदार ऋतिक रोशन और संजय दत्त हैं, फिर भी ऋषि कपूर ने इस फिल्म में अपनी गहरी छाप छोड़ी।

#3

मुराद अली मोहम्मद (फिल्म- मुल्क)

अनुभव सिन्हा की फिल्म 'मुल्क' में ऋषि कपूर ने मुस्लिम वकील का रोल निभाया था, जिसमें उनका नाम मुराद अली मोहम्मद रखा गया था। फिल्म में ऋषि कपूर एक ऐसे मुस्लिम परिवार के मुखिया के तौर पर संघर्ष करते दिखाई दिए, जिस परिवार के लड़के पर आतंकवाद में शामिल होने का आरोप लगा था और पुलिस एनकाउंटर में उसकी मौत हुई थी। फिल्म 'मुल्क' तीन किरदारों के इर्दगिर्द है लेकिन ऋषि कपूर के किरदार ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।

#4

संतोष दुग्गल (फिल्म- दो दूनी चार)

साल 2010 में रिलीज हुई फिल्म 'दो दूनी चार' में उन्होंने एक मध्यम परिवार के मुखिया संतोष दुग्गल का रोल निभाया था, जिसमें उनकी रियल लाइफ पत्नी और अभिनेत्री नीतू कपूर ने भी मुख्य किरदार निभाया। इस फिल्म में गुजरे जमाने की मशहूर जोड़ी ऋषि और नीतू को 30 साल बाद बड़े पर्दे पर साथ देखा गया था। हालांकि, सिनेमाघरों में उनकी यह फिल्म ज्यादा नहीं चली, लेकिन उनके अभिनय ने लोगों का दिल अपने कब्जे में कर लिया।

#5

इकबाल सेठ (फिल्म- डी डे)

करियर की इस पारी में एक्सपेरिमेंट्स करने का स्वाद ऐसा लगा कि ऋषि कपूर ने साल 2013 में आयी फिल्म 'डी-डे' में अंडरवर्ल्ड डॉन बनना भी मंजूर कर लिया। इस फिल्म में उन्होंने दाऊद इब्राहिम से प्रेरित किरदार निभाया था, जिसमें उनका नाम इकबाल सेठ रखा गया था। ऋषि ने अपने इस किरदार को भी बखूबी दमदार तरीके से निभाया। फिल्म में उनके अलावा अभिनय के शहंशाह इरफान खान, अर्जुन रामपाल, हुमा कुरैशी और श्रुति हासन मुख्य भूमिकाओं में थे।

जानकारी

बॉलीवुड के दो दिग्गज अभिनेताओं ने हमेशा के लिए कह दिया अलविदा

बुधवार को बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का निधन सभी के लिए एक बड़ा झटका था, वहीं अब ऋषि कपूर की मौत की खबर ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को झकजोर कर रख दिया है। बॉलीवुड के दोनों अभिनेताओं को भावपूर्ण श्रद्धांजलि!