अभिनेत्रियों को बॉडी-शेम करने वाले ट्रोलर्स पर फूटा ऋचा चड्ढा का गुस्सा, लगाई जमकर फटकार
क्या है खबर?
हाल ही में कैटरीना कैफ मां बनने के बाद बॉडी-शेमिंग का शिकार हुई थीं। उनके साथ-साथ अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने भी ट्रोलिंग का सामना किया था, जब वह 2024 में मां बनी थीं। अब ऋचा ने एक हालिया इंटरव्यू के दौरान इन ट्रोलर्स की जमकर फटकार लगाई है, जो अभिनेत्रियों को बॉडी-शेम करते हैं। उन्होंने इस मामले में इंडस्ट्री के बजाय आम आदमियों को कसूरवार ठहराया और उन्हें करारा जवाब दिया।
बयान
ट्रोलिंग पर क्या बोलीं ऋचा?
इंडिया टुडे के साथ इंटरव्यू के दौरान ऋचा ने कहा कि ये ट्रोलर्स इंडस्ट्री से नहीं आते, बल्कि समाज के आम आदमी होते हैं।
उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि महिलाओं को उनके शरीर पर की जाने वाली टिप्पणियों पर ध्यान देना चाहिए। इंडस्ट्री उन महिलाओं का बहुत सम्मान करती है, जिनके बच्चे हैं और जो करियर भी बना रही हैं। माधुरी से लेकर जूही चावला तक, सभी शानदार अभिनेत्रियां हैं। मुझे नहीं लगता इसमें इंडस्ट्री की कोई गलती है।"
ऋचा
इस तरह की बातों को मीडिया में कम जगह मिलनी चाहिए- ऋचा
ऋचा ने आगे कहा, "ये तो भारत का आम आदमी है, जो बदसूरत है, गंजा है और जिसकी तोंद निकली हुई है। वही सोचता है कि कैटरीना कैफ या ऐश्वर्या राय पर टिप्पणी करने से उसकी जिंदगी बेहतर हो जाएगी। मुझे ये बहुत अजीब लगता है। मुझे ये सब बिल्कुल बेकार लगता है और सच कहूं तो मुझे लगता है कि मीडिया में भी इस तरह की बातों को बहुत कम जगह मिलनी चाहिए।"
फटकार
ट्रोलिंग करने वालों को लूजर मानती हैं ऋचा
ऋचा ने ट्रोलर्स को फटकारते हुए कहा, "सोशल मीडिया पर पहचान छिपाकर कमेंट करने की आजादी ने लोगों का हौसला बढ़ाया है। उन्हें लगता है कि बिना नाम बताए कमेंट करके उन्होंने कोई बड़ी कामयाबी हासिल कर ली है। असल जिंदगी में वे कुछ भी नहीं हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि वे मिस वर्ल्ड-मिस यूनिवर्स जैसी हस्तियों के बारे में कुछ भी कह सकते हैं।"
ऋचा के मुताबिक, ऐसे लोग बस लूजर होते हैं और उन्हें नजरअंदाज करना चाहिए।