अयोध्या की रामलीला में श्रीराम का किरदार निभाने वाले हैं रवि किशन, बोले- डरा हुआ हूं
क्या है खबर?
अभिनेता और सांसद रवि किशन नई दिल्ली में 19-20 अक्टूबर को होने वाली 'अयोध्या की रामलीला' में श्रीराम की भूमिका में नजर आने वाले हैं। इस बीच उन्होंने माना कि वह डरे हुए हैं, क्योंकि इसका प्रसारण दुनियाभर में होने वाला है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने याद किया कि पुजारी के बेटे होने के नाते, वह बचपन से ही श्रीराम की कहानियां सुन रहे हैं। ऐसे में उनके लिए उनकी भूमिका निभाने की जिम्मेदारी ज्यादा अहम है।
बयान
हमेशा श्रीराम का किरदार निभाना चाहता था- रवि
हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए रवि बोले, "पहली बार श्रीराम का रूप धारण करने का सौभाग्य मिला और मैं प्रार्थना करता हूं कि वे मेरे शरीर में प्रवेश करें और मुझे शालीनता के साथ अभिनय करने की ऊर्जा दें। मैंने पहले परशुराम, केवट, माता सीता और श्री कृष्ण की भूमिका निभाई है, लेकिन यह अनुभव अलग है। मैं हमेशा श्रीराम का किरदार निभाना चाहता था।"
उन्होंने ये माना कि उन्हें स्क्रीन पर होने की तुलना में ज्यादा डर है।
कारण
क्यों डरे हुए हैं रवि?
रवि ने कहा, "जब कोई एक्टर स्टेज पर जाता है तो उसके लिए डर जरूरी है। यह श्रीराम का रोल है, इसलिए इसे सही ढंग से निभाना और ज्यादा जरूरी है। मन के किसी कोने में हमेशा यह बात रहती है कि कहीं कोई गलती न हो जाए।"
उन्होंने आगे कहा, "यह केवल उस कृत्य के बारे में नहीं है। चेहरे पर सौम्यता, शलीनता और संयम जरूरी है, क्योंकि आप पुरूषों में उत्तम श्रीराम का चरित्र चित्रित कर रहे हैं।"
जानकारी
रवि कर रहे हैं खास तैयारी
बता दें कि इस रामलीला को 50 करोड़ से ज्यादा लोग दूरदर्शन, OTT और यूट्यूब लाइव स्ट्रीमिंग पर देखेंगे। रवि इस किरदार के लिए एक खास डाइट का पालन कर रहे हैं और खुद को शांत रखने की भी कोशिश कर रहे हैं।