रणवीर सिंह पर जब अंबानी परिवार ने खेला दांव, बोले- डंके की चोट पर दिया साथ
क्या है खबर?
रिलायंस की डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'परवाह है तो परिवार है' में अभिनेता रणवीर सिंह ने फिल्म 'धुरंधर' पर दर्शकों द्वारा बरसाए गए बेइंतहा प्यार और सराहाना के लिए दिल से आभार व्यक्त किया है। इस दौरान अभिनेता ने अंबानी परिवार का विशेष रूप से धन्यवाद किया। रणवीर ने कहा कि जब उनकी फिल्में नहीं चल रही थीं, तब भी अंबानी परिवार ने इस प्रोजेक्ट पर पूरा भरोसा जताया और हर कदम पर इस फिल्म का और उनका मजबूती से समर्थन किया।
बुरा दौर
रणवीर ने याद किया अपना बुरा दौर
हाल ही में रिलायंस की एक डॉक्यूमेंट्री में नजर आए रणवीर ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी का समर्थन करने के लिए अंबानी परिवार के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विशेष रूप से उस दौर को याद किया, जब बॉक्स ऑफिस पर उनकी फिल्में कुछ खास कमाल नहीं कर पा रही थीं। वीडियो में रणवीर ने कहा, "धुरंधर जैसी फिल्म को बड़े पैमाने पर बनाना और उसे सही ढंग से पर्दे पर उतारना बिल्कुल भी आसान नहीं था।"
चुनौती
...जब रणवीर के करियर पर मंडरा रहा था खतरा
रणवीर ने खुलासा किया कि अंबानी परिवार ने उन पर तब भरोसा जताया और समर्थन दिया, जब वो अपने करियर के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे थे।
उन्होंने बताया कि 'धुरंधर' जैसी भव्य फिल्म बनाना और उसे पर्दे पर उतारना बेहद चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद निर्माताओं ने डंके की चोट पर इस उम्मीद के साथ फिल्म का समर्थन किया कि इसकी सफलता सिनेमा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।
आभार
"बुरे दौर में ऐसा साथ मिलना वरदान जैसा"
रणवीर ने बताया कि फिल्म को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन निर्माताओं ने पूरे भरोसे के साथ इसका समर्थन किया।
उन्होंने कहा, "करियर के उतार-चढ़ाव वाले दौर में जब मेरी फिल्में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही थीं, तब भी मुझे पूरा प्यार, सहयोग और प्रोत्साहन मिला। अपने करियर के ऐसे नाजुक मोड़ पर ऐसा मजबूत साथ मिलना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। ये किसी वरदान से कम नहीं है।"
दांव
लगातार फ्लॉप फिल्मों के बावजूद रणवीर पर लगाया दांव
रणवीर का करियर उस समय बेहद कठिन दौर से गुजर रहा था, क्योंकि उनकी 'जयेशभाई जोरदार' और '83' जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लगातार फ्लॉप हो रही थीं। आमतौर पर ऐसे नाजुक वक्त में बड़े निर्माता किसी फ्लॉप स्टार की बड़ी बजट फिल्मों में पैसा लगाने से घबराते हैं।
इसके बावजूद अंबानी परिवार के 'जियो स्टूडियोज' ने रणवीर की काबिलियत पर अटूट भरोसा जताया। उन्होंने बिना किसी झिझक के 'धुरंधर' का निर्माण किया और उसमें भारी बजट का निवेश किया।