Page Loader
जन्मदिन विशेष: रणवीर सिंह के इन किरदारों में दिखा उनकी अदाकारी का अनूठा अंदाज
रणवीर सिंह ने इन किरदारों से जीता सबका दिल

जन्मदिन विशेष: रणवीर सिंह के इन किरदारों में दिखा उनकी अदाकारी का अनूठा अंदाज

Jul 06, 2023
07:45 am

क्या है खबर?

रणवीर सिंह उन अभिनेताओं में शुमार हैं, जिनका अभिनय के साथ-साथ अतरंगी फैशन और जोश भी हैरान करता है। उन्हाेंने अपने दम पर अपनी एक खास पहचान बनाई है। रणवीर ने अपनी पहली ही फिल्म से अपने अभिनय का लोहा मनवा लिया था। इन दिनों वह फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। आज यानी 6 जुलाई को वह अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। आइए उनके बेहतरीन किरदारों पर एक नजर डालते हैं।

#1

बिट्टू शर्मा

शुरुआत करते हैं फिल्म 'बैंड बाजा बारात' से। आदित्य चोपड़ा की इसी फिल्म से रणवीर ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। यह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 2010 में आई थी। इसमें रणवीर ने एक वेडिंग प्लानर बिट्टू शर्मा का किरदार निभाया था, जिसे अपने साथ काम करने वाली एक लड़की (अनुष्का शर्मा) से प्यार हो जाता है। इस फिल्म के लिए रणवीर को सर्वश्रेष्ठ डेब्यू अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर है।

#2

राम

फिल्म 'गोलियों की रासलीला रामलीला '2013 में आई थी और संजय लीला भंसाली ने इस फिल्म का निर्देशन किया था। इस फिल्म में रणवीर की जोड़ी उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण के साथ बनी है। रणवीर इसमें राम के किरदार में हैं, जो एक गुस्सैल और मुंहफट, लेकिन दिल का सच्चा इंसान है। फिल्म देखते हुए आप एक पल के लिए भी उनसे नजरें नहीं हटाएंगे। यह फिल्म जियो सिनेमा और अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।

#3

बाजीराव

'बाजीराव मस्तानी' रणवीर के करियर की बेहतरीन फिल्मों में शुमार है। इस फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया और इसमें भी रणवीर की जोड़ी दीपिका के साथ बनी। यह तिकड़ी एक बार सुपरहिट रही। रणवीर ने इसमें मराठा योद्धा पेशवा बाजीराव की भूमिका पूरी शिद्दत से निभाई। फिल्म में उन्हें मस्तानी उर्फ दीपिका से प्यार हो जाता है। प्रियंका चोपड़ा इसमें उनकी पत्नी काशीबाई बनी थीं। यह फिल्म भी जियो सिनेमा और अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

#4

अलाउद्दीन खिलजी

यह फिल्म भी संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी और इसमें भी रणवीर के साथ दीपिका नजर आईं। इसमें उन्होंने सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी नाम का किरदार निभाया। उनकी भूमिका नकारात्मक थी, जिसे रणवीर ने इस कदर पर्दे पर उतारा कि किसी को भी उनसे नफरत हो जाए। फिल्म के लिए रणवीर की शिद्दत साफ नजर आती है। इसके लिए रणवीर को IIFA और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार से नवाजा गया। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।

#5

मुराद अहमद

यह किरदार रणवीर ने जोया अख्तर के निर्देशन में बनी फिल्म 'गली बॉय' में निभाया था। उनकी यह कहानी सपनों को पूरा करने की ललक जगाती है। फिल्म में रणवीर ने एक ऐसे रैपर का किरदार निभाया, जो मुंबई की मलिन बस्तियों से निकलकर अपना मुकाम हासिल करता है। इसमें भी रणवीर ने अपनी भूमिका को कुछ इस तरह जिया कि दर्शक उन्हें देख उनकी पिछली फिल्में भूल गए। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।

#6

कपिल देव

फिल्म '83' का निर्देशन कबीर खान ने किया था। यह भले ही बॉक्स ऑफिस पर फेल हो गई, लेकिन रणवीर के अभिनय ने साबित कर दिया कि वह बॉलीवुड में लंबी रेस के घोड़े हैं। क्रिकेट के मैदान के सबसे बड़े हीरो कपिल देव का किरदार निभाकर उन्होंने सबको अपना दीवाना बना दिया। फिल्म में उनका सफर दिखाया गया था कि कैसे उन्होंने भारत को विश्व कप दिलाया। नेटफ्लिक्स पर आप उनकी इस फिल्म का लुत्फ उठा सकते हैं।