Page Loader
रणदीप हुड्डा ही नहीं, इन सितारों ने भी किरदारों के लिए अपने शरीर में किए बदलाव
इन सितारों ने किया गजब का ट्रांसफॉर्मेशन

रणदीप हुड्डा ही नहीं, इन सितारों ने भी किरदारों के लिए अपने शरीर में किए बदलाव

लेखन मेघा
May 30, 2023
07:57 am

क्या है खबर?

रणदीप हुड्डा इन दिनों अपनी फिल्म 'स्वतंत्र वीर सावरकर' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं, जिसके लिए उन्होंने गजब का ट्रांसफॉर्मेशन किया है। फिल्म के निर्माता आनंद पंडित ने बताया है कि पर्दे पर वीर सावरकर जैसा दिखने के लिए रणदीप ने कड़ी मशक्कत कर अपना 26 किलो वजन कम किया था। आइए आपको ऐसे ही कुछ और कलाकारों से मिलवाते हैं, जिन्होंने अपने किरदार में ढलने के लिए वजन बढ़ाकर या घटाकर लोगों को हैरान कर दिया था।

#1

रणदीप हुड्डा

'स्वतंत्र वीर सावरकर' में रणदीप के लुक को लेकर कहा जा रहा था कि उन्होंने 18 किलो वजन घटाया है, लेकिन निर्माता पंडित ने हाल ही में खुलासा किया कि अभिनेता ने फिल्म के लिए 26 किलो वजन कम किया है। इसके लिए अभिनेता ने 4 महीने तक दिन में सिर्फ एक खजूर और एक गिलास दूध पिया था। ज्ञात हो कि इससे पहले रणदीप ने अपनी फिल्म 'सरबजीत' के लिए 18 किलो वजन घटाया था।

#2

राजकुमार राव

राजकुमार राव ने फिल्मों में अपने किरदार को बखूबी से निभाने के लिए कभी वजन को बढ़ाया तो कभी घटाया है। अभिनेता ने 2016 में आई फिल्म 'ट्रैप्ड' के लिए 11 किलो वजन घटाया था। इस लुक के लिए अभिनेता काफी दिन डाइट पर रहे थे। इसके बाद जब राजकुमार 'बोस' में नजर आए तो उन्हें अपना 10-11 किलो वजन बढ़ाना पड़ा था। 'बोस' में अभिनेता तोंद के साथ नजर आए थे, जिसे देख प्रशंसक भी हैरान रह गए थे।

#3

कृति सैनन

साल 2016 में कृति सैनन की फिल्म 'मिमी' ने सिनेमाघरों में दस्तक दी थी, जिसमें वह एक सरोगेट मदर की भूमिका में नजर आई थीं। फिल्म की शुरुआत में अभिनेत्री एक लड़की के किरदार में नजर आई थीं, तो बाद में गर्भवती के किरदार में ढलने के लिए उन्हें खूब मशक्कत करनी पड़ी थी। उन्हें सेट पर खूब खाना खिलाया जाता था और कुछ समय के बाद वह अपना 15 किलो वजन बढ़ाने में सफल हो गई थीं।

#4

भूमि पेडनेकर

भूमि पेडनेकर ने 2015 में फिल्म 'दम लगा के हईशा' से बॉलीवुड में अपने सफर की शुरुआत की थी। इस फिल्म के लिए उन्हें 20 किलो वजन बढ़ाने के लिए कहा गया था। फिल्म में भूमि ने एक 90 किलो के वजन वाली लड़की का किरदार निभाया था, जिसमें उन्हें काफी पसंद किया गया था। हालांकि, बाद में 4 महीनों के भीतर ही भूमि ने 33 किलो के आसपास अपना वजन घटा भी लिया था।

#5

कंगना रनौत

कंगना रनौत अपने बयानों के चलते अक्सर ही सुर्खियों में बनी रहती हैं, वहीं वह अपने अभिनय से भी लोगों का दिल जीत लेती हैं। अभिनेत्री ने 2021 में आई अपनी फिल्म 'थलाइवी' के लिए गजब का ट्रांसफॉर्मेशन किया था। फिल्म में कंगना ने जयललिता के किरदार में ढलने के लिए 6 महीने तक कड़ी मेहनत की और 20 किलो तक वजन बढ़ा लिया था। कंगना ने बताया था कि इसके बाद उनके शरीर पर स्ट्रेच मार्क्स पड़ गए थे।