'रामायण' में भगवान राम के अलावा कौन-सा दूसरा किरदार निभाएंगे रणबीर कपूर? यहां देखिए वीडियो
क्या है खबर?
'रामायण' को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है और टीजर सामने आने के बाद तो इसे लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। अब खुद रणबीर कपूर ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि वो इस महाकाव्य में केवल भगवान राम ही नहीं, बल्कि एक और महत्वपूर्ण भूमिका निभाते नजर आएंगे। अभिनेता ने इस 'डबल रोल' को अपने करियर का एक 'शानदार अवसर' बताते हुए फिल्म के प्रति अपना उत्साह साझा किया है।
डबल धमाका
भगवान राम ही नहीं, परशुराम के रूप में भी मचाएंगे कोहराम
'रामायण' के टीजर ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। इसी बीच रणबीर ने बड़ा खुलासा करते हुए पुष्टि की है कि फिल्म में वो केवल भगवान राम नहीं, बल्कि एक और महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। रणबीर ने बताया कि 'रामायण' में उनका दूसरा किरदार भगवान विष्णु का छठा अवतार 'परशुराम' है। भगवान राम के रूप में पहले ही चर्चा बटोर चुके रणबीर ने इस दोहरी भूमिका को अपने करियर की सबसे बड़ी और रोमांचक चुनौतियों में से एक बताया है।
मौका
"ये मेरे लिए शानदार अवसर"
रणबीर बोले, "परशुराम, भगवान राम से पहले का अवतार थे और ये दोनों भूमिकाएं निभाने का अवसर मिलना मेरे लिए बहुत शानदार है। बतौर अभिनेता, बॉडी लैंग्वेज से अलग, अगर आप इन किरदारों की आध्यात्मिकता और भावनात्मक गहराई को समझ लें तो सब वहीं से शुरू होता है। मैंने यही किया। ये समझने की कोशिश की कि ये पात्र कौन हैं, वे किस सिद्धांत के लिए खड़े हैं और उनके उद्देश्य क्या हैं, तब सब आसान हो जाता है।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए रणबीर कपूर ने क्या कहा
Ranbir Officially Confirms He is Playing Bhagwan Parshuram!#Ramayana pic.twitter.com/n2WxVroeP0
— RK🐰 (@rksbunny) April 3, 2026
संकेत
टीजर में मिला था संकेत
'रामायण' के टीजर के एक महत्वपूर्ण दृश्य में रणबीर (भगवान राम के रूप में) को हवा में उड़कर आते हुए एक सुनहरे 'फरसे' (कुल्हाड़ी जैसे अस्त्र) को पकड़ते हुए देखा गया है। पौराणिक कथाओं के जानकारों ने तुरंत पहचान लिया कि ये भगवान परशुराम का प्रसिद्ध अस्त्र है। हालांकि, टीजर में परशुराम का चेहरा नहीं दिखाया गया और अब आखिरकार रणबीर ने इन अटकलों पर विराम लगाते हुए ये पुष्टि कर दी है कि फिल्म में उनका डबल रोल है।
रिलीज
कब रिलीज हो रही 'रामायण'?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस महाकाव्य 'रामायण' में भारतीय सिनेमा के कई बड़े सितारे एक साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे। फिल्म में रणबीर, भगवान राम की भूमिका में हैं, जबकि 'KGF' स्टार यश, रावण के किरदार में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इनके अलावा साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में दिखाई देंगी और सनी देओल हनुमान जी के चरित्र को जीवंत करेंगे। ये फिल्म साल 2026 में दिवाली के पावन अवसर पर सिनेमाघरों में आएगी।