Page Loader
सलमान खान की 'किसी का भाई किसी की जान' फिल्म में कैमियो करेंगे राम चरण
सलमान खान की फिल्म में कैमियो करेंगे राम चरण

सलमान खान की 'किसी का भाई किसी की जान' फिल्म में कैमियो करेंगे राम चरण

Oct 02, 2022
05:30 pm

क्या है खबर?

हाल ही में सलमान खान ने धमाकेदार अंदाज में अपनी फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' का ऐलान किया था। पहले ऐसी चर्चा चली थी कि इस फिल्म का नाम 'कभी ईद कभी दिवाली' या 'भाईजान' रखा जा सकता है। अब इस फिल्म में साउथ के जाने-माने अभिनेता राण चरण की एंट्री हो गई है। वह इस फिल्म में कैमियो भूमिका में नजर आने वाले हैं।

खुलासा

'गॉडफादर' के एक इवेंट में सलमान ने किया खुलासा

राम के पिता और अभिनेता चिंरजीवी की फिल्म 'गॉडफादर' में सलमान कैमियो करने वाले हैं। इसी फिल्म के हिंदी ट्रेलर लॉन्च इवेंट में शनिवार को सलमान ने हिस्सा लिया था। मुंबई में आयोजित इस कार्यक्रम में सलमान ने खुलासा किया कि राम उनकी फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' में कैमियो करेंगे। सलमान ने बताया कि जब वे वेंकटेश दग्गुबाती के साथ हैदराबाद में फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, तब राम उनसे मिलने के लिए आए थे।

जानकारी

सलमान-वेंकटेश के साथ स्क्रीन शेयर करना चाहते थे राम चरण

राम चरण सलमान और वेंकटेश दोनों के साथ स्क्रीन स्पेस साझा करना चाहते थे। जब राम ने सलमान के साथ काम करने की इच्छा जताई तो सलमान को लगा कि राम उनके साथ मजाक कर रहे हैं। फिल्म में वेंकटेश भी स्पेशल अपीयरेंस में दिखेंगे।

करियर

राम चरण को पहली ही फिल्म के लिए मिला था फिल्मफेयर अवॉर्ड

राम ने अपनी पहली फिल्म 'चिरुथा' से ही फिल्मफेयर अवॉर्ड अपने नाम कर लिया था। हालिया समय में एसएस राजामौली की फिल्म 'RRR' से राम को काफी शोहरत मिली है। अभिनेता और प्रोड्यूसर राम के चाहने वाले ना सिर्फ देश, बल्कि विदेशों में भी बहुत हैं। उनकी गिनती साउथ के सबसे महंगे अभिनेताओं में होती है। उनकी कमाई और लोकप्रियता के आधार पर 'फोर्ब्स इंडिया सेलेब्रिटी 100' सूची में उनका नाम शामिल हो चुका है।

फिल्म

'किसी का भाई किसी की जान' में सलमान के साथ दिखेंगी पूजा हेगड़े

'किसी का भाई किसी की जान' में पूजा हेगड़े दिखेंगी। फिल्म में सलमान पहली बार पूजा के साथ रोमांस करते दिखेंगे। फिल्म की कहानी काफी हद तक सलमान के परिवार से प्रेरित लगती है। यह एक ऐसे परिवार की कहानी होगी जिसमें ईद और दिवाली दोनों त्योहार मनाए जाते हैं। इस फिल्म से शहनाज गिल बॉलीवुड में अपना डेब्यू करेंगी। इसका निर्देशन फरहाद सामजी कर रहे हैं, वहीं सलमान ही इसे प्रोड्यूस करेंगे। फिल्म दिसंबर में रिलीज हो सकती है।

लुक

टीजर में दिखी थी फिल्म से सलमान की झलक

हाल में फिल्म का टीजर जारी हुआ था, जिसे दर्शकों का खूब प्यार मिला था। करीब 59 सेकेंड के इस टीजर में सलमान लद्दाख में बाइक चलाते हुए नजर आए थे। सलमान के लंबे बाल उनके लुक को और इंटेंस बना रहे थे। साथ में उड़ती हुई धूल और बैकग्राउंड में 'किसी का भाई किसी की जान' का म्यूजिक के साथ सलमान के किरदार से दर्शकों को रूबरू कराया गया था।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए फिल्म से सलमान का लुक

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

फिल्मों के अलावा सलमान अभी अपने शो 'बिग बॉस 16' को लेकर चर्चा में हैं। इस शो का प्रसारण 1 अक्टूबर से कलर्स टीवी पर शुरू हो चुका है। इसमें एक बार फिर होस्ट के रूप में सलमान दर्शकों से रूबरू हो रहे हैं।